विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

18 करोड़ खर्च, फिर भी जहरीली हवा से राहत नहीं; गाजियाबाद में चार से 10 हो गए AQI स्टेशन

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:39 AM (IST)

गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ी है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है।

साइट 4 औद्योगिक क्षेत्र में उड़ती धूल से हो रहा प्रदूषण। जागरण

साइट 4 औद्योगिक क्षेत्र में उड़ती धूल से हो रहा प्रदूषण। जागरण

HighLights

  1. गाजियाबाद में 7 माह में AQI स्टेशनों की संख्या बढ़ी।

  2. खुले में निर्माण सामग्री, कूड़ा जलाना प्रमुख प्रदूषण कारक।

  3. अधिकारियों के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत खराब।

राहुल कुमार, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जिले में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए एक्यूआई मानिटरिंग स्टेशनों की संख्या लगातार जरूर बढ़ती गई, लेकिन इसका जमीन पर कोई खास असर दिखाई नहीं दिया।

7 माह पहले तक केवल वसुंधरा, इंदिरापुरम, संजय नगर व लोनी में ही प्रदूषण मापक यंत्र लगे थे, लेकिन अब डासना देहात, न्यू तहसील लोनी, गोविंदपुरम, वेव सिटी, वेद विहार व खोड़ा में भी एक्यूआई मॉनिटरिंग सिस्टम लग गए हैं।

यूपीपीसीबी के अधिकारियों की मानें तो सीपीसीबी (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) ने प्रत्येक मॉनिटरिंग सिस्टम को लगाने पर करीब तीन करोड़ का बजट खर्च किया है। यानी छह स्टेशनों पर 18 करोड़ का बजट खर्च किया गया है।

वहीं, इससे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पीएम (पार्टिकुलेट मैटर)-2.5, पीएम-10 समेत हवा में अन्य जहरीले तत्वों के सटीक आंकड़े जरूर मिल रहे हैं, लेकिन जमीं पर कोई भी ठोस योजना दिखाई नहीं दे रही है।

दैनिक जागरण की पड़ताल में खुले में पड़ी निर्माण सामग्री, जगह-जगह जलता कूड़ा, सड़कों पर उड़ती धूल, औद्योगिक इकाइयों से निकलता जहरीला धुआं, मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव समेत तमाम प्रदूषण के ऐसे कारक मिले, जो अधिकारियों के प्रदूषण रोकने के दावों की पोल खोलते नजर आए।

वहीं, जब अधिकारियों से इसके बारे में बातचीत की गई तो फिर भी कमियों को मानने के बजाय उनके दावों में कोई कमी नहीं दिखाई दी। साहिबाबाद से पेश है राहुल कुमार की रिपोर्ट...

स्थान-आनंद इंडस्ट्रियल एरिया

आनंद इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह से ही कूड़े में आग लगती रही। इसमें तार भी जलाए जा रहे थे। इससे वायु प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा था, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की नजर इस पर नहीं पड़ी। जबकि नगर निगम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।

स्थान- औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार साहिबाबाद

औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार साहिबाबाद की मुख्य सड़क बदहाल हो रही है। धूल इस कदर उड़ रही है कि वाहन चालकों को अपने आगे का वाहन तक ठीक से दिखाई नहीं दे रहा। धूल के कारण सबसे अधिक परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को हो रही थी। यहां दिनभर पानी का छिड़काव करने के लिए कोई नहीं पहुंचा।

स्थान - साहिबाबाद बस डिपो

साहिबाबाद बस डिपो का निर्माण पीपीपी मोड में चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण यहां बहुत ज्यादा धूल उड़ रही है, जो प्रदूषण को बढ़ा रही है। धूल को रोकने के लिए एंटी स्माग गन का उपयोग होते हुए भी नहीं दिखा। इस पर न तो परिवहन निगम के अधिकारियों को नजर पड़ी और न ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की।

स्थान - वसुंधरा सेक्टर-पांच

वसुंधरा सेक्टर-पांच में निर्माण कार्य करने के लिए सड़क किनारे सामग्री डाली गई है। इसे न तो ढका गया है और न ही इस पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इससे प्रदूषण बढ़ रहा है। यह स्थिति केवल सेक्टर-पांच में ही नहीं है, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी यही स्थिति है।

प्रदूषण बोर्ड के ये हैं दावे, लेकिन जमीं पर हकीकत उलट

  • टूटी सड़कों को बनवाने लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस भेजे।
  • टूटी सड़कों पर नगर निगम व जीडीए करा रहा पानी का छिड़काव।
  • नगर निगम प्राथमिकता से कूड़ा निस्तारण करा रहा।
  • निर्माण इकाइयों पर कैमरे लगाने व रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं।
  • प्रदूषण फैलाने वालीं इकाइयों को सील किया जा रहा।
  • जाम की समस्या को दूर करने के लिए यातायात विभाग को पत्र लिखा गया।
क्षेत्र प्रदूषण मापक यंत्र शुरू होने की तिथि
वेद विहार 08 अप्रैल
खोड़ा 08 अप्रैल
गोविंदपुरम 18 अप्रैल
वेव सिटी 25 सितंबर
न्यू तहसील लोनी 28 अक्टूबर
डासना देहात 17 नवंबर

एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने के साथ ही प्रदूषण रोकथाम के लिए योजना बनाकर कार्य भी किए जा रहे हैं। 20 से अधिक विभाग मिलकर अपने-अपने स्तर से कार्रवाई कर रहे हैं। जिन बिंदुओं पर लापरवाही सामने आ रही है उन कमियों को दूर किया जाएगा। - अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपीपीसीबी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।