विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नए चेहरों पर लगेगा दांव या पुराने दिग्गजों पर भाजपा का भरोसा? गाजियाबाद की पांचों सीटों पर टिकट की जंग

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:42 AM (IST)

गाजियाबाद में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है, जहां सभी प्रमुख दलों में टिकट वितरण को लेकर गहमागहमी तेज है। भाजपा में मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की संभावना है।

यूपी इलेक्शन को लेकर गाजियाबाद की पांचों सीटों पर टिकट की जंग शुरू। फोटो: सांकेतिक

यूपी इलेक्शन को लेकर गाजियाबाद की पांचों सीटों पर टिकट की जंग शुरू। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मौसम में सर्दी ने दस्तक देना शुरू कर दिया है, पर विधानसभा चुनाव को लेकर जिले का सियासी पारा चढ़ने लगा है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी सियासी पार्टियों में टिकट को लेकर जद्दोजहद शुरू हो गई है।

इसकी आंच गाजियाबाद जिले की पांचों विधानसभाओं तक भी पहुंच गई है। फिलहाल तो इन पांचों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। अभी हाल ही में मथुरा भाजपा की योजना बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ कहा है कि वर्तमान में जिन विधायकों के टिकट काटने की आवश्यकता हो, उससे कतई परहेज न किया जाए।

अगर वह जिताऊ नहीं हैं तो दूसरों को टिकट दें। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में जो हार गए, पूर्व सांसद रहे और वह चुनाव जीत सकते हैं, ऐसे लोगों को भी टिकट देकर मैदान में उतारा जा सकता है।

ऐसे में सबसे ज्यादा धड़कनें भाजपा के मौजूदा विधायकों की बढ़ी हुई हैं। उधर, विपक्षी दल भी भाजपा के इस मजबूत किले में सेंध लगाने की पूरी तैयारी से जुटे हुए हैं।

सदर सीट पर कई दावेदारों ने ठोकी ताल

गाजियाबाद सदर सीट की बात करें तो यहां पर पहली बार के विधायक संजीव शर्मा हैं। इस सीट पर भाजपा से टिकट के लिए कई लोग दावेदारी कर रहे हैं। इनमें पिलखुआ नगर पालिका के चेयरमैन विभु बंसल, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और जीडीए बोर्ड मेंबर के सदस्य पवन गोयल टिकट के लिए दावेदारी ठोक रहे हैं।

यह सीट भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों में एक है। भाजपा को रोकने के लिए सपा भी पूरी तैयारी से है। सपा से अभिषेक गर्ग और पूर्व प्रत्याशी विशाल वर्मा टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। अगर यह सीट कांग्रेस के खाते में जाती है तो सुशांत गोयल और लोकसभा का चुनाव लड़ चुकीं डाली शर्मा भी टिकट की रेस में हैं।

साहिबाबाद में भी टिकट के लिए दावेदारी तेज

साहिबाबाद सीट जो पांचों विधानसभा में सबसे बड़ी सीट है। भाजपा में मौजूदा विधायक सुनील शर्मा, जो कि वर्तमान में कैबिनेट मंत्री हैं। यहां से पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, पप्पू पहलवान, तेजपाल राणा और अंकुर शर्मा जैसे दिग्गज भी टिकट की दौड़ में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी की तरफ से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने भी टिकट के लिए ताल ठोक दी है। कांग्रेस से यहां शशिभूषण और मांगेराम त्यागी भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

यह सीट भाजपा की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। ऐसे में विपक्षी दलों को इस सीट पर अपनी जीत का परचम लहराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।

लोनी में भी दावेदारों की लंबी कतार

लोनी की सियासी जमीन पर भी टिकट वितरण की हलचल तेज है। वर्तमान विधायक नंदकिशोर गुर्जर के सामने पार्टी के भीतर से ही योगेंद्र मावी, अनिल शर्मा और रामनिवास त्रिपाठी ने दावेदारी पेश कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

वहीं, विपक्ष के खेमे से अनिल कसाना, जोकि अभी हाल ही में भाजपा को छोड़कर सपा में शामिल हुए हैं, जाकिर अली और मुखिया गुर्जर भी टिकट की कतार में मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं।

लोनी नगर पालिका के चेयरमैन रंजीता धामा के पति मनोज धामा भी चुनाव के दंगल में किस्मत आजमाएंगे, लेकिन वे किस दल से चुनाव लड़ेंगे, यह अभी तय नहीं है।

मोदीनगर में पूर्व विधायक भी दावेदार

मोदीनगर सीट पर भाजपा की ओर से वर्तमान में दो बार की विधायक डॉ. मंजू शिवाच हैं, लेकिन यहां से पूर्व विधायक पंडित सुदेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी व कृष्णबीर सिंह भी टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं।

दूसरी तरफ सपा भी इस सीट पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ने की जद्दोजहद में है। सपा की तरफ से दावेदारों में जन्मेजय त्यागी, श्रवण त्यागी व देवव्रत धामा टिकट की लाइन में हैं।

मुरादनगर में भी टिकट के कई दावेदार

मुरादनगर सीट पर भी भाजपा का कब्जा एक दशक से बना हुआ है। वर्तमान में इस सीट पर अजीतपाल त्यागी काबिज हैं। भाजपा खेमे से जिला पंचायत अध्यक्ष बसंत त्यागी और ब्रजपाल तेवतिया जैसे नाम तेजी से उभर रहे हैं।

सपा की बात करें तो सुरेंद्र कुमार मुन्नी, मनीषा शर्मा टिकट पाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। वहीं, बसपा की तरफ से पूर्व विधायक और वर्तमान नगरपालिका चेयरमैन वहाब चौधरी के मैदान में उतरने के संकेत ने इस जंग को और भी कांटेदार बना दिया है।

बहरहाल, इन सीटों पर टिकट के दावेदारों की लंबी फौज ने सियासी गलियारों का तापमान बढ़ाकर रखा हुआ है। अब सभी दावेदारों की निगाहें पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वे पुराने दिग्गजों पर ही भरोसा जताते हैं या फिर नए चेहरों पर दांव खेलकर इस चुनावी जंग के मैदान को और दिलचस्प बनाते हैं।

यह भी पढ़ें- मेड इन इंडिया CCTV पर चीनी का खतरा, कैमरों की जांच का आदेश; गाजियाबाद में जासूसी के खुलासे के बाद अलर्ट

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दिसंबर में कम आएगा बिजली बिल, 11.87 लाख घरों को होगा फायदा; 3.32% घट जाएगा सरचार्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।