विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेड इन इंडिया CCTV पर चीनी का खतरा, कैमरों की जांच का आदेश; गाजियाबाद में जासूसी के खुलासे के बाद अलर्ट

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:29 AM (GMT+05:30)

मेड इन इंडिया कैमरों में चीनी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है, क्योंकि लाइव फुटेज चीनी क्लाउड सर्वर तक पहुंचने की आशंका है।

राजनगर एक्सटेंशन में लगे सीसीटीवी कैमरे। फोटो: जागरण

राजनगर एक्सटेंशन में लगे सीसीटीवी कैमरे। फोटो: जागरण

विनीत कुमार, गाजियाबाद। देश की सुरक्षा के लिए खतरा सिर्फ चीन में बने सीसीटीवी कैमरों से ही नहीं, बल्कि मेड इन इंडिया के नाम पर बेचे जा रहे उन कैमरों से भी है, जिनका सॉफ्टवेयर चीनी कंपनियों पर निर्भर है।

इन कैमरों में इस्तेमाल होने वाले एप के जरिये लाइव फुटेज चीनी तकनीकी कंपनियों के रिमोट क्लाउड सर्वर तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में कैमरे भले ही भारत में बने हों, लेकिन उनकी तकनीक और डाटा का नियंत्रण चीन के हाथों में होने की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

कौशांबी में पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने वाले जासूसी नेटवर्क के पर्दाफाश के बाद प्रदेश में ऐसे सभी कैमरों की जांच कराई जा रही है।

संवेदनशील प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की होगी जांच

प्रदेश के सुरक्षा विभाग ने पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

इसमें सरकारी भवनों, हवाई अड्डों, सीमा क्षेत्रों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, लॉजिस्टिक हब और महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

अधिकारियों से कैमरों की निर्माता कंपनी, तकनीकी व्यवस्था और उनसे जुड़े सुरक्षा जोखिमों की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई करने और इसकी आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।

चीनी चिपसेट पर रोक, सॉफ्टवेयर से जारी खतरा

केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 में सीसीटीवी कैमरों के लिए आवश्यक मानक लागू किए थे। इसके तहत कैमरों में इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण कलपुर्जों के मूल स्रोत का खुलासा, साइबर सुरक्षा परीक्षण और अनधिकृत रिमोट एक्सेस से सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया।

कंपनियों को बदलाव के लिए दो साल का समय दिया गया था। एक अप्रैल 2026 से चीनी चिपसेट वाले उत्पादों को प्रमाणन देने पर रोक लगा दी गई। इससे हिकविजन और दहुआ जैसी कंपनियों के उत्पाद भी प्रभावित हुए।

इसके बावजूद चीनी तकनीक की पहुंच खत्म नहीं हुई है। भारतीय कंपनियों के साथ संयुक्त उपक्रम और वितरकों के माध्यम से चीनी तकनीक वाले कैमरे बाजार में पहुंच रहे हैं।

कुछ कैमरों पर मेड इन इंडिया का लेबल है, लेकिन उनका सॉफ्टवेयर चीनी कंपनियों का है। हाईइजी, एसेक्लाउड, वी380 और वाईसीसी365 जैसे एप के जरिये कैमरों की लाइव फुटेज चीनी तकनीकी कंपनियों के रिमोट क्लाउड सर्वर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

कौशांबी में खुला था जासूसी नेटवर्क

इसी वर्ष मार्च में कौशांबी थानाक्षेत्र के भोवापुर से छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था।

जांच में सामने आया था कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे लगाकर संवेदनशील स्थानों की लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलर तक पहुंचा रहे थे। दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन के आसपास भी ऐसे कैमरे लगाए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए NIA ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दिसंबर में कम आएगा बिजली बिल, 11.87 लाख घरों को होगा फायदा; 3.32% घट जाएगा सरचार्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।