गाजियाबाद में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर एक्शन की तैयारी, 100 से ज्यादा चालान वालों का लाइसेंस होगा कैंसिल
गाजियाबाद में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले 79 आदतन वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू ...और पढ़ें
-1775976606289_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिले में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले आदतन वाहन चालकों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। 100 से अधिक बार चालान कटवा चुके 79 चालकों को परिवहन विभाग ने नोटिस जारी किए हैं।
इन चालकों को 15 दिन के भीतर आरटीओ कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की भी तैयारी है।
किन नियमों का किया उल्लंघन?
अधिकारियों के अनुसार इन चालकों पर अधिकतर चालान गंभीर यातायात उल्लंघनों तेज रफ्तार, रेड लाइट जंप, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने के कारण किए गए हैं। बार-बार नियम तोड़ने के बावजूद इनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिखा।
यही वजह है कि विभाग ने अब सख्त रुख अपनाया है। खास बात यह है कि जिन चालकों ने अपने सभी चालानों की राशि जमा कर दी है, वे भी इस कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे।
अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि केवल जुर्माना भर देना पर्याप्त नहीं है। यदि कोई चालक लगातार नियमों की अवहेलना करता है, तो उसकी ड्राइविंग पात्रता पर सवाल खड़ा होता है। इसी आधार पर लाइसेंस निरस्तीकरण जैसे कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
