विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में गहराया पेयजल संकट, दूषित पानी और कम दबाव से लोग परेशान

Published: Sun, 12 Apr 2026 05:30 AM (IST)Updated: Sun, 12 Apr 2026 07:01 AM (IST)

गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। वैशाली सेक्टर-चार में 11 दिनों से ...और पढ़ें

इंदिरापुरम में बोतलबंद पानी ले जाता व्यक्ति। जागरण

इंदिरापुरम में बोतलबंद पानी ले जाता व्यक्ति। जागरण

HighLights

  1. वैशाली सेक्टर-चार में 11 दिन से दूषित पानी की आपूर्ति।

  2. कम दबाव के कारण कई इलाकों में पानी की समस्या।

  3. शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से लोग परेशान।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गर्मी शुरू होने के साथ ही ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पानी की समस्या भी बढ़ गई है। कहीं दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है तो कहीं कम प्रेशर से घरों में पानी पहुंच रहा है।

इससे लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे है और पीने के पानी के लिए रोजाना 100 से 150 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

वैशाली सेक्टर-चार में बीते करीब 11 दिन से दूषित पेयजल की आपूर्ति से लोग जूझ रहे हैं। पानी इतना गंदा है कि रोजमर्रा के कार्यों में उपयोग करना तो दूर की बात है, हाथ धोने लायक भी नहीं है। बाल्टी में पानी भरने पर ही दुर्गंध आनी शुरू हो जाती है।

लगातार शिकायतों पर भी नहीं हो रहा समाधान

लोगों का कहना है की पेयजल लाइन कहीं क्षतिग्रस्त है। इससे घरों में दूषित पानी आ रहा है। जलकल विभाग के अवर अभियंता समेत अन्य अधिकारियों से भी लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं किया गया।

इसके अलावा डेल्टा कालोनी के चंदर नगर में भी सुबह में दूषित पानी की आपूर्ति हुई। लोगों ने मोटर चलाई तो गंदा पानी टंकियों में भर गया। इससे पहले से जो पानी टंकियों में स्टोर था वह भी गंदा हो गया। स्थानीय निवासी लल्लन सिंह ने बताया कि दूषित पानी की आपूर्ति होना आए दिन की समस्या है।

तमाम शिकायतों के बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इससे लोगों को बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।

पेयजल की मुसीबत झेल रहे लोगों की जेब पर भी बोझ बढ़ रहा है। नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि गर्मी में पानी की डिमांड बढ़ जाती है। इसके अनुरूप व्यवस्था की जा रही है। नलकूपों के माध्यम से समस्या वाले क्षेत्रों में आपूर्ति की जाएगी।

कम प्रेशर से रही पानी की आपूर्ति

ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में रोजाना कम दबाव से पानी आपूर्ति की शिकायतें आ रही हैं। शनिवार को भी कड़कड़ माडल व वसुंधरा सेक्टर-तीन में कम प्रेशर से पानी आया। इससे लोग टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर सके। इन दोनों क्षेत्रों में हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में पेयजल पाइपलाइन लीकेज से पानी की बर्बादी, भूजल स्तर गिरा

यह भी पढ़ें- मुरैना में पेयजल पाइपलाइन सुधार के दौरान PNG लाइन फूटी, उठा 20 मीटर ऊंचा आग का गुबार, टला बड़ा हादसा








कुछ इलाकों से गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत मिली है। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। अगर कहीं फाल्ट है तो उसे तुरंत ठीक किया जाएगा।

-

केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग