मुरैना में पेयजल पाइपलाइन सुधार के दौरान PNG लाइन फूटी, उठा 20 मीटर ऊंचा आग का गुबार, टला बड़ा हादसा
मुरैना में नेहरू पार्क के पास पानी की पाइपलाइन ठीक करते समय जेसीबी से पीएनजी गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ...और पढ़ें

पीएनजी लाइन फूटने से उठा आग का भभका, आसपास की दुकानों का बुरा हाल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना शहर में नेहरू पार्क के पास नगर निगम की लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गई। एक सप्ताह से फूटी पानी की पाइपलाइन को ठीक करने के दौरान खुदाई कर रही जेसीबी से पीएनजी (घरेलू गैस) लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे अचानक 20 फीट तक ऊंची आग की लपटें उठने लगीं।
घटना उस समय और भयावह हो गई जब पास ही स्थित नाश्ते की दुकान की जलती भट्टी से आग ने तेजी पकड़ ली। आग की चपेट में आकर कन्हैया मिष्ठान के संचालक विमल गुप्ता और उनके बेटे पावश गुप्ता झुलस गए। वहीं पास की मोटर वाइंडिंग दुकान चलाने वाले अख्तर खान भी आग की चपेट में आ गए और उनका चेहरा व बाल झुलस गए।
कंपनी स्टाफ, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
सूचना मिलते ही पीएनजी कंपनी का स्टाफ और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, जिस गैस पाइपलाइन में आग लगी, उसमें नियमित सप्लाई नहीं थी, बल्कि टेस्टिंग के दौरान छोड़ी गई गैस मौजूद थी। अगर उस समय सप्लाई चालू होती, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
इस घटना के बाद शहर में बिछी पीएनजी पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर में पुजारी ने श्रद्धालु से की अभद्रता-मारपीट, धमकाते हुए कहा- तांत्रिक क्रिया कर दूंगा
सड़क खुदाई से शहर जाम
आग बुझाने के बाद गैस और पानी की पाइपलाइन सुधार कार्य शुरू किया गया, जिसके चलते एमएस रोड की एक लेन को नेहरू पार्क के सामने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया। इसके चलते ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों—शिक्षा नगर, जीवाजीगंज की ओर डायवर्ट किया गया।
परिणामस्वरूप एमएस रोड पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जबकि मिल एरिया रोड, गर्ल्स रोड और शिक्षा नगर रोड पर भी यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
