सुविधाओं के लिए तरस रहा गाजियाबाद का ये इलाका, वाटर एटीएम भी पड़ा बंद; आखिर कब टूटेगी अधिकारियों की नींद?
गाजियाबाद का लोनी बाजार आबादी बढ़ने के साथ विस्तारित हुआ है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय और पार्किंग की ...और पढ़ें
-1775964221247_m.webp)
लोनी में खराब पड़ा वाटर एटीएम। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हरिशंकर शर्मा, लोनी (गाजियाबाद)। आबादी बढ़ने के साथ लोनी बाजार का विस्तार तो हुआ लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ पाईं। व्यापारियों का आरोप है कि पेयजल से लेकर शौचालय तक की सुविधा बाजार में नहीं है। इससे ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। पार्किंग न होने से जाम की समस्या बाजार में रहती है।
वहीं, उनका कहना है कि कई बार मांग करने के बाद भी बाजारों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
बाजार के पास से ही गाजियाबाद के लिए बसें चलती हैं।
इसके अलावा आटो और ई-रिक्शा प्रतिदिन गाजियाबाद व दिल्ली के लिए चलते हैं। इससे कई बार जाम के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। रेहड़ी-ठेली सड़क पर लगने से स्थिति और भी खराब हो जाती है।

लोनी तिराहा, दिल्ली-सहारनपुर मार्ग व गाजियाबाद सड़क के दोनों किनारों पर ठेली व छोटी-बड़ी दुकानें संचालित हैं। ब्लाक के 22 ग्राम पंचायत व लोनी शहर समेत अन्य स्थानों के लोग इस बाजार में आते हैं, लेकिन यहां पेयजल और पिंक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
बंद पड़ा है वाटर एटीएम
बाजार में तिराहे मंदिर के पास लगा वाटर एटीएम बंद पड़ा है। लोगों को पानी के लिए बोतलबंद पानी पर निर्भर रहना पड़ता है। महिलाओं के लिए पिंक शौचालय बाजार से दूर बना है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर बाजार में स्थायी स्टैंड, पार्किंग, पेयजल की व्यवस्था कर दी जाएं तो लोगों को सुविधाएं भी होंगी।

बाजार में सुविधाओं के अभाव में लोग परेशान हो रहे हैं। पेयजल, शौचालय लोगों की बुनियादी जरूरतें हैं। जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देना चाहिए। - मुकेश, स्थानीय व्यापारी
बुनियादी सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी है। साधन-संसाधन के बाद भी लोग परेशान हैं। खराब वाटर एटीएम को ठीक किया जाए। - टिंकू गोयल, व्यापारी
पार्किंग न होने से ग्राहक दुकान के सामने गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे आने जाने में परेशानी होती है। लोनी तिराहे के आसपास हमेशा आटो और ई-रिक्शा खड़े रहते हैं, जिससे जाम लगता है। - विकास, व्यापारी
सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर रोक लगे। फुटकर दुकानदारों को एक निश्चित स्थान दें तो सड़क की सुंदरता बरकरार रहेगी और लोगों को भी आवाजाही में सुविधा मिलेगी। - सुनीता देवी, व्यापारी
समस्या संज्ञान में आई है। पार्किंग व्यवस्था जल्द की जा सके इसके लिए लोनी नगर पालिका से उपयुक्त जमीन चिन्हित करने व पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है, जिससे जनता को समस्या से निजात दिलाया जा सके। - डॉ. अरुण अग्रवाल, तहसीलदार लोनी
