दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर उड़ रही नियमों की धज्जियां, तीन मौतों के बाद भी बीच सड़क पर लग रहे अवैध स्टैंड
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधों के बावजूद दोपहिया वाहन, अवैध स्टैंड और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसे यातायात उल्लंघन जारी हैं।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन। जागरण
HighLights
प्रतिबंध के बावजूद एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों का बेखौफ संचालन जारी।
लालकुआं पर अवैध टैक्सी स्टैंड, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से हादसे।
हाल ही में तीन लोगों की मौत; सुरक्षा उपायों पर सवाल।
जतिन त्यागी, गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ-एक्सप्रेस वे पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। इस घटना से न तो पुलिस प्रशासन ने सबक लिया और न ही लोगों ने। प्रतिबंध के बावजूद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बेखौफ होकर दोपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस भी इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
इसके अलावा लोग फुट ओवर ब्रिज का प्रयोग न करके अपनी जान जोखिम में डालकर सीधे एक्सप्रेसवे पार कर रहे हैं। लालकुआं जैसे प्वाइंट पर रुपये कमाने के लालच में टैक्सी वालों ने सवारी बैठाने का अवैध स्टैंड बना लिया है।
दोपहिया वाहनों का संचालन
डीएमई पर दोपहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद बाइक और स्कूटर चालक बेखौफ होकर एक्सप्रेसवे पर अपनी जान जोखिम में डालकर दौड़ रहे हैं।
तेज रफ्तार कारों और भारी वाहनों के बीच इन दोपहिया वाहनों का चलना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है, क्योंकि अचानक इनके सामने आने से अन्य चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे पीछे आ रहे वाहनों के आपस में टकराने की आशंका हमेशा बनी रहती है।
दूसरी ओर, लालकुआं जैसे व्यस्त प्वाइंट पर भी नियमों की भारी अनदेखी देखने को मिलती है, जहां मुरादाबाद की तरफ जाने वाले कुछ कार चालकों ने हाईवे के एक पूरे हिस्से को अवैध सवारी स्टैंड में तब्दील कर दिया है।
इन इलाकों में हैं रॉन्ग साइड वाहन का चलन
यहां खुलेआम कार चालकों द्वारा सवारियों का इंतजार किया जाता है और बीच सड़क पर रखकर सामान को चढ़ाया-उतारा जाता है, जिसके चलते नोएडा की तरफ से तेज गति से आने वाले वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने के कारण गंभीर हादसों का खतरा झेलना पड़ सकता है।
इसके अलावा, छिजारसी, क्रॉसिंग, लालकुआं और विजयनगर जैसे प्रमुख प्वाइंट्स पर रांग साइड में वाहन चलाने का चलन आम हो गया है। इन सभी जगहों के पास ही यू-टर्न बने हुए हैं, इसके बावजूद लोग थोड़ा सा रास्ता बचाने के लिए जोखिम भरे शार्टकट के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान दांव पर लगा रहे हैं। रांग साइड ड्राइविंग के कारण इन इलाकों में आए दिन रोजाना हादसे हो रहे हैं, जिनमें बेकसूर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
लोगों को जागरूक करने के प्रयास किये जा रहे है। इसके बावजूद लोग सड़क को पार कर रहे है। जहां से रेलिंग टूटी थी वो लगवा दी गई है और आगे भी निगरानी रखी जाएगी। -त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: 1 साल तक खाने में पति-बेटे को देती रही 'स्लो पॉइजन', 6 करोड़ के लालच में पत्नी ने रची साजिश; अरेस्ट
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद स्लो पॉइजन कांड: जेल में बंद पत्नी ने नहीं खोला मुंह, 2 करोड़ के बीमा और प्रॉपर्टी हड़पने की थी साजिश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।