फिरोजाबाद: बरात के दो बैंडकर्मी और घोड़ों की मौत, 11 हजार वोल्टेज तार से बग्घी छूने से हादसा
फिरोजाबाद के सिरसागंज में बरात चढ़ते समय 11 हजार वोल्ट के तार से बग्घी छूने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो बैंडकर्मियों और दो घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बैंडकर्मी घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस।
HighLights
बरात की बग्घी 11 हजार वोल्ट तार से छूई।
दो बैंडकर्मी और दो घोड़ों की मौके पर मौत।
दूल्हा सुरक्षित, एक बैंडकर्मी गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, सिरसागंज (फिरोजाबाद) बरात चढ़ते समय 11 हजार वोल्टेज के तार से छूई बग्घी में करंट दौड़ गया। जिससे दो बैंडकर्मियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं एक झुलस गया। दूल्हा बाल-बाल बचा। उसे ग्रामीणों ने खींचकर उतार लिया। शनिवार रात साढ़े नौ बजे हुई इस घटना से गांव दौलतपुर बैजुआ में चीखपुकार मच गई।
गांव में रहने वाले सर्वेश वाल्मीकि की बेटी निशा की बरात मथुरा के फरह से आई थी। रात साढ़े नौ बजे बरात गांव में घूम रही थी। इसी दौरान प्राथमिक स्कूल के पास बग्घी का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की लाइन से छू गया। जिससे बग्घी में करंट दौड़ गया। उसमें लगे दो घोड़े और उन्हें पकड़ कर चल रहे दो बैंडकर्मी झुलस गए, जिससे बैंडकर्मियों के साथ ही दोनों घोड़ों की भी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

मथुरा के फरह से आई थी बरात, एक बैंडकर्मी हुए घायल
बैंडकर्मियों की पहचान पप्पू निवासी मियां बाजार और अकील निवासी नगला राधे थाना सिरसागंज के रूप में हुई। घटना में एक अन्य बैंडकर्मी भी घायल हो गया। जिसे पुलिस ने सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा है। इस घटना से शादी समारोह में चीखपुकार मच गई।
यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में सोने-चांदी के दामों में आई भारी गिरावट, आगरा सराफा बाजार में आया बूम; आज का भाव
यह भी पढ़ें- उम्र का अंतिम पड़ाव और घर से बेदखल... 100 साल की द्रोपदी देवी सहित 10 दिन में 11 बुजुर्ग पहुंचे आगरा के वृद्धाश्रम
ग्रामीणों के अनुसार जिस समय घटना हुई। दूल्हा भी बग्घी में बैठा हुआ था, जिसे कुछ लोगों ने खींच लिया। जिससे वह सकुशल है। हादसे के बाद सादगी के साथ शादी का आयोजन किया गया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि घायल की पहचान नहीं हो पाई है। जनता बैंड सिरसागंज से आया था।