चोर आने की अफवाह पर चली गोली… बच्चे को जा लगी, मासूम ने अस्पताल में तोड़ा दम
मैनपुरी के नगला राधे में फायरिंग के दौरान फिरोजाबाद के आयुष नामक किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। वह अपनी बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। आयुष कक्षा सात का छात्र था और तीन महीने पहले ही अपनी बहन के घर आया था। घटना से परिवार में शोक की लहर है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र के नगला राधे में मंगलवार की रात चोर आने की अफवाह फैलते ही फायरिंग शुरू हो गई। इसमें गोली लगने से बहन के घर रहकर पढ़ाई कर रहे फिरोजाबाद का किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर किशोर को मेडिकल कालेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया, जहां किशोर की मृत्यु हो गई। सीओ सिटी ने पुलिसबल के साथ गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है।
फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र के गांव नागऊ निवासी राजकुमार का 14 वर्षीय पुत्र आयुष पिछले तीन महीने से दन्नाहार क्षेत्र में अपने बहनोई आशीष मिश्रा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार की रात वह घर से तीन सौ मीटर की दूरी पर बहनोई के सबमर्सिबल पर सोने के लिए गया था।
उसके पीछे बहनोई और उनका छोटा भाई भी गया था। वह जब सबमर्सिबल के पास पहुंचा। तभी रात साढ़े 11 बजे के करीब ग्रामीणों के शोर के बीच फायरिंग भी होने लगी, जिसमें गर्दन में गोली लगने से आयुष रक्तरंजित होकर गिर गया। बहनोई और उनके भाई उठाकर आननफानन आयुष को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
सैफई इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव में चोर आने की अफवाह पर हुई फायरिंग के दौरान गोली लगने से आयुष की मृत्यु हो गई।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और दन्नाहार प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्रपाल सिंह फारेंसिक टीम के साथ बुधवार सुबह नगला राधे पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। फारेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कक्षा सात की पढ़ाई कर रहा था आयुष
नगला राधे में बड़ी बहन के घर रह रहे 14 वर्षीय आयुष की मृत्यु हो गई। मृतक चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। तीन महीने पहले वह यहां पढ़ाई करने के लिए आया था तो बहनोई ने गांव में ही संचालित एक स्कूल में उसका कक्षा सात में दाखिला भी कराया था। स्वजन के अनुसार आयुष मिलनसार और हंसमुख था।
शाम को हुआ अंतिम संस्कार
बुधवार शाम छह बजे पोस्टमार्टम के बाद पिता शव लेकर घर पहुंचे तो चीखपुकार मच गई। भाई-बहन शव से लिपटकर रोने लगे। मां और भाई-बहन रोते हुए बार-बार यही कह रहे थे कि काश उसे पढ़ने के लिए न भेजा होता। शाम सात बजे अंतिम संस्कार किया गया।
नागऊ निवासी राजकुमार के चार बच्चे थे। जिनमें सबसे बड़ी बेटी कुमकुम की शादी डेढ़ साल पहले गांव नगला राधे थाना दन्नाहार निवासी आशीष मिश्रा के साथ हुई थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण 14 वर्षीय आयुष को दामाद अपने साथ अपने घर पढ़ाने के लिए ले आया था।
वहीं छोटी बेटी वर्षा और छोटे बेटे 11 वर्षीय पीयूष को राजकुमार अपने साथ नोएडा ले गए थे। वर्षा ने बताया कि भोर में उन्हें भाई के हत्या की सूचना मिली। गांव के मकान पर ताला लगा था। इसलिए भाई के हत्या की सूचना पर मां-पिता सीधे मैनपुरी चले गए।
गोली लगने के कारण किशोर की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हुई है। सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई है। गोली किन परिस्थिति में लगी, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे। उसी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-अरुण कुमार सिंह, एएसपी नगर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।