Firozabad Murder: बकरी चराने गई 9 वर्षीय बालिका की गला घोंटकर हत्या, गांव वालों ने किया प्रदर्शन
फिरोजाबाद के रजावली इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नौ वर्षीय लड़की जो बकरी चराने गई थी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बाजरा के खेत में मिला। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रजावली चौराहे पर जाम लगा दिया जिसके बाद एसपी सिटी और एसडीएम मौके पर पहुंचे।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। बुधवार सुबह खेत में बकरी चराने गई बालिका की गला कस कर हत्या कर दी गई। उसका शव बाजरा के खेत में मिला। गला रस्सी से कसा था। सूचना पर घटनास्थल पर भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने पहले टूंडला-एटा मार्ग पर बाद में रजावली चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। जाम काफी देर तक रहा।
रजावली क्षेत्र के गांव गढ़ी पांडेय निवासी देवेंद्र सिंह बघेल अपनी नौ वर्षीय पुत्री काजल को लेकर बकरी चराने सुबह 6.45 बजे गांव के बाहर गए थे। एक चारदीवारी के अंदर खाली प्लाट पर पिता-पुत्री बकरी चरा रहे थे। देवेंद्र आठ बजे चाय पीने घर आए थे।
मौके पर बालिका नहीं मिली, शव बाजरा के खेत में मिला
कुछ देर बाद लौट कर गए तो बालिका मौके पर नहीं मिली। बकरियां चर रही थीं। बालिका के गायब होने से सनसनी फैल गई। तलाश करने पर काजल का शव बाजरा के खेत में मिला। रस्सी से उसका गला घोंट कर हत्या की गई थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणाें ने रजावली चौराहे पर जाम लगा दिया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, टूंडला एसडीएम मौके पर पहुंचे। अभी जाम लगा हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।