Firozabad News : विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने 6 थानों की फोर्स लेकर पहुंचे SDM, दीवार गिरने से सात घायल
शिकोहाबाद के भगवंत वाला बाग में कब्रिस्तान और निजी भूमि को लेकर विवाद था। प्रशासन ने मेहराज अली को कब्ज़ा दिलाया जिसका सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने विरोध किया। उन्होंने प्रशासन पर अवैध कब्ज़ा कराने का आरोप लगाया। कब्ज़ा मिलने के बाद बनाई जा रही दीवार गिरने से सात मजदूर घायल हो गए।

संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद। मुहल्ला भगवंत वाला बाग में कब्रिस्तान और निजी भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने एक पक्ष को कब्जा दिला दिया। इस दौरान एसडीएम छह थानों के फोर्स के साथ उपस्थित रहे।
शुक्रवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने प्रेसवार्ता कर तहसील प्रशासन पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाया था। कब्जा मिलने के बाद जल्दबाजी में बनाई गई दीवार गिर गई। उसके नीचे दबने से सात मजदूर दबकर घायल हो गए।
दो गाटों को लेकर थी विवाद
दो गाटों को लेकर विवाद था। आरोप था कि मुहल्ले में रहने वाले मेहराज अली कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और प्रशासन उनकी मदद कर रहा है। मेहराज अली ने एसडीएम न्यायालय में वाद दायर किया थ। एसडीएम के अनुसार लेखपालों की टीम से कराई गई जांच में पता चला कि एक गाटा मेहराज के नाम दर्ज है।
कब्रिस्तान की भूमि उससे बिल्कुल अलग है। शुक्रवार को आए सपा के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन ने पूर्व विधायक अजीम भाई, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल, रामसेवक यादव और अब्दुल वाहिद के साथ वार्ता की। इसके बाद तहसील प्रशासन पर आरोप लगाए। शनिवार को एसडीएम डा. गजेंद्रपाल और इंस्पेक्टर अनुज कुमार फोर्स सहित पहुंचे। उन्होंने मेहराज अली से अपने हिस्से की भूमि पर दीवार खड़ी करने को कहा।
काम शुरू होते ही दूसरे पक्ष से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आगए, लेकिन पुलिस ने उन्हें भगा दिया। इस दौरान पुलिस और महिलाओं में नोकझोंक भी हुई। इधर शाम पांच बजे निर्माणाधीन दीवार गिर गई। जिससे काम कर रहे सात मजदूर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला सयुंक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।