Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चलनी से निहारा चांद, मांगा पति की लंबी उम्र का वर

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 25 Oct 2021 06:42 AM (IST)

    सुबह से रखा निर्जला व्रत शाम को रहा चांद निकलने का इंतजार अ‌र्घ्य देकर किया पूजन पतियों ने दिए उपहार हुई आतिशबाजी। ...और पढ़ें

    Hero Image
    चलनी से निहारा चांद, मांगा पति की लंबी उम्र का वर

    जागरण टीम, फिरोजाबाद: सुहाग नगरी में करवा चौथ का पर्व रविवार को धूमधाम से मना। सुबह से महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा और शाम को पूजन के बाद चांद के दीदार के लिए इंतजार किया। आठ बजे से महिलाएं सज धज कर छतों पर पहुंच गई। चांद को अ‌र्घ्य देकर महिलाओं ने पति की लंबी उम्र का वर मांगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    करवा चौथ की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। महिलाएं सजने-संवरने के लिए कुछ दिनों से साड़ी, लहंगा, सोने-चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कांच की रंग-बिरंगी चूड़ियों के साथ सोलह श्रृंगार का सामान खरीदने में जुटी थीं। रविवार को भी सदर बाजार, शास्त्री मार्केट, चंद्रशेखर मार्केट, कोटला रोड, सुहाग नगर में भीड़ जुटी रही। सुबह महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई। दिनभर ब्यूटी पार्लरों में सजने संवरने में लगी रहीं। शाम ढलते ही सोलह श्रृंगार कर महिलाएं पूजा की तैयारी में जुट गई। घर-घर में मां गौरी की पूजा अर्चना की गई। बुजुर्ग महिलाओं ने कहानी सुनाई। उसके बाद महिलाएं चांद का दीदार करने के लिए छतों पर पहुंच गई। चांद को अ‌र्घ्य देकर महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद पति के हाथ से पानी पीकर व्रत खोला। इस त्याग के लिए पुरुषों ने भी अपनी पत्नियों को उपहार दिए। इसके साथ आसमान में देर रात तक रंग बिरंगी आतिशबाजी होती रही। - नवदंपतियों में दिखा उत्साह

    करवा चौथ को लेकर नवविवाहिताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही वह भूख व प्यास से व्याकुल रहीं, लेकिन व्रत पूरा किया। जिनकी शादी तय हो गई थी, उन्होंने भी अपने मंगेतर के लिए व्रत रखा। - आर्य नगर चौक में हुआ सामूहिक पूजन: आर्य नगर चौक स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में करवा चौथ पर सामूहिक पूजन हुआ। पंडित त्रिभुवन कुमार श्रीमाली द्वारा कथा का श्रवण किया गया। इसके बाद महिलाओं ने पूजन किया। कार्यक्रम में मंदिर के प्रबंधक डा. श्रवण कुमार अरोरा, पंजाबी समाज की मीनू अरोरा, पूमन अरोरा, बीना अरोरा, राधा धरना, शम्मी अरोरा आदि शामिल रहे। -मिठाई की सजी दुकानें, शाम को उमड़ी भीड: करवा चौथ पर शहर में मिठाई की दुकानें सजी नजर आई। दुकानों के बाहर तक टैंट लगाए गए, जहां मिठाई खरीदने के लिए रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। बिक्री होने से दुकानों के चेहरे खिले नजर आए। -सेवा भारती की बहनों ने किया सामूहिक पूजन: टूंडला में मातृ मंडल सेवा भारती की बहनों ने सामूहिक रूप से स्टेशन रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में करवा चौथ की पूजा की। माता गौरी की पूजा अर्चना कर पति के लंबे जीवन की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भजन कीर्तन किया। चांद का दीदार कर व्रत खोला। मौके पर प्रतिभा उपाध्याय, रेखा वर्मा, विध्यवासिनी दीक्षित, आशा सिंह, साधना श्रोत्रीय, पुष्पलता शर्मा उपस्थित रहीं।