मुनि अमित सागर महाराज जिस मंच पर बैठकर करते थे प्रवचन, नसिया जी मंदिर में उसे तोड़ने पर हुआ विवाद
फिरोजाबाद के एक जैन मंदिर में मंच हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया। एक महिला श्रद्धालु और मुनि के बीच मंच तोड़े जाने पर कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई जिसमें दोनों गिर गए। दोनों पक्षों ने मारपीट के आरोप लगाए जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। मंदिर कमेटी द्वारा मंच के पुनर्निर्माण के आश्वासन पर विवाद शांत हुआ और दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित श्रीदिगंबर जैन रत्नत्रय मंदिर नसियाजी में मंच हटाने को लेकर सोमवार को हुआ विवाद शुक्रवार को गहरा गया। एक अन्य मंच को तोड़े जाने को लेकर महिला श्रद्धालु और मुनि में कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई।
इस दौरान श्रद्धालु और मुनि दोनों गिर गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों से जुड़े लोग थाना उत्तर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंच का दुबारा निर्माण कराए जाने के आश्वासन पर विवाद शांत हु़आ। बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया।
थाने तक पहुंचा मामला, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप, कई दिन से चल रहा विवाद
मंदिर परिसर में सात फीट का मंच कई वर्ष से बना था। मुनि अमित सागर महाराज इसी पर बैठ कर प्रवचन करते थे। रविवार को आचार्य श्री विमल सागर महाराज की 110 वीं जयंती के कार्यक्रम के लिए मंदिर में ही प्रवास कर रहे मुनि एकत्व सागर ने मुनि अमित सागर से बात कर मंच को हटवा दिया। मुनि अमित सागर के समर्थकों के अनुसार एकत्व सागर महाराज ने कार्यक्रम समाप्ति के बाद मंच को दुबारा लगा लेने की बात कही थी।
यूं चल रहा था मामला
- सोमवार रात 8.30 बजे मंच लगाना शुरू किया तो मुनि एकत्व सागर ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
- मंगलवार सुबह भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद मुनि एकत्व सागर मंदिर परिसर में अनशन पर बैठ गए थे। तब मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनुज जैन और अन्य गणमान्य लोगों ने विवाद शांत करा दिया था।
मंच का निर्माण कराने के आश्वासन पर विवाद शांत, घटना का वीडियो प्रसारित
आरोप है कि शुक्रवार को मंदिर परिसर में एक मुनि ने मजदूरों से एक मंच को तुड़वा दिया। जानकारी पाकर लहरी कंपाउंड निवासी महिला तोड़फोड़ स्थल पर जाने लगी तो आरोप है कि मुनि एकत्व सागर महाराज ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर दोनों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। धक्का-मुक्की में दोनों फर्श पर गिर गए।
इस घटना का वीडियो बना कर किसी ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में मुनि और महिला श्रद्धालु गिरी दिखाई दे रही हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मुनि से उनका पिच्छी छीनने के प्रयास में धक्का-मुक्की हुई। घटना के बाद सनसनी फैल गई।
दोनों पक्षों के लोग मौके पर आ गए। महिला समेत काफी संख्या में लोग थाना उत्तर पहुंच गए। महिला ने मुनि पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया। मुनि पक्ष के लोगों ने भी ऐसा ही आरोप लगाया।
इंस्पेक्टर संजुल पांडेय ने बताया कि मंच तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। कमेटी ने मंच बनवाने का आश्वासन देकर विवाद शांत कराया। चातुर्मास तक मंच को यथास्थिति में रखने का आग्रह कमेटी के पदाधिकारियों ने दिया है। दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया।
मुनि द्वारा मजदूरों से मंच तुड़वाने की जानकारी पर वह मौके पर जा रही थी, लेकिन मुनि एकत्व साागर महाराज ने उसे गेट बंद कर जाने से रोक दिया। उसे धक्का देकर गिरा गया। मारपीट भी की। रजनी, श्रद्धालु
महिला श्रद्धालु ने उनकी पिच्छी छीनने की कोशिश की, इसका उन्होंने विरोध किया। महिला ने मारपीट कर गिरा दिया। एक अन्य मुनि ने बिना पंजीकरण कराए कमेटी बना ली है। चातुर्मास में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए रुपयों में से उन्हें कुछ नहीं दिया जाता। मुनि एकत्व सागर
दोनों मुनियों को उनकी गरिमा का ध्यान दिलाते हुए विवाद शांत करा दिया गया है। मंच बनवाया जाएगा। दोनों मुनियों से कहा गया है कि वे किसी तरह का विवाद और तोड़फोड़ न करें। अब कोई विवाद नहीं है। अनुज जैन, अध्यक्ष, श्रीदिगंबर जैन रत्नत्रय मंदिर मंदिर कमेटी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।