फिरोजाबाद में श्रमिक हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
दीपावली की रात श्रमिक रूप सिंह की हत्या के आरोपी राजीव को फिरोजाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

HighLights
दीपावली की रात हुई थी श्रमिक की हत्या।
हत्यारोपी राजीव मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से गिरफ्तार।
फिरोजाबाद पुलिस ने अरांव क्षेत्र से किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दीपावली की रात गांव चंदपुरा में कुल्हाड़ी से हमला कर श्रमिक की हत्या के आरोपित को थाना अरांव पुलिस ने मंगलवार देर रात सवा दो बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। दोपहर में जेल भेज दिया गया।
चंदपुरा निवासी 43 वर्षीय रूप सिंह 10 वर्ष से दिल्ली में मजदूरी कर रहे थे। दीपावली मनाने वह पत्नी अनीता और बच्चों के साथ गांव आए थे। रविवार रात आठ बजे बड़े भाई धनपाल से मिलकर घर लौटते समय पुरानी रंजिश के चलते हरिओम, राजीव, रवि, सोनू और भीमसेन ने उन पर हमला कर दिया।
चीख सुनकर स्वजन बचाने पहुंचे, लेकिन कुल्हाड़ी के हमले में रूप सिंह की हत्या कर दी गई। उनका बेटा घायल हो गया। भतीजे सचिन ने 11 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को राजीव के नगला चैन की ओर से पैदल आने की सूचना मिली थी। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद 40 वर्षीय राजीव को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में हाईवे पर सामने आया सांड़, Jio के कर्मचारी की दुर्घटना में मौत; आगरा के थे रहने वाले
यह भी पढ़ें- दीपावली का रॉकेट पेट में घुसा, फिरोजाबाद के युवक की वड़ोदरा में मौत; परिवार हैरान