जिंदगी की जंग हार गई सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता: आगरा में 6 दिन बाद हुई मौत; प्रेमी ने बुलाकर दोस्त के साथ किया था गैंगरेप
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। किशोरी की मृत्यु की जानकारी होते ही गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पुलिस एनकाउंटर में दो भाइयों को लगी थी गोली
संवाद सूत्र, खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई किशोरी आखिरकार छठवें दिन जिंदगी की जंग हार गई। शुक्रवार को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। किशोरी की मृत्यु की जानकारी होते ही गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। शाम को शव घर पहुंचने की कोहराम मच गया।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोश भड़कने से पहले ही उन्हें शांत करा दिया। देर शाम गांव में किशोरी के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
दुष्कर्म के आरोपित प्रेमी, उसके दोस्त और भाई को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुठभेड़ में आरोपित भाई पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे।
प्रेमी ने फोन कर बुलाने के बाद दोस्त के साथ किया था सामूहिक दुष्कर्म
एक गांव की अनुसूचित जाति की 16 वर्षीय किशोरी को प्रेमी ऋषि ने 31 अक्टूबर की शाम को खेत पर मिलने के लिए बुलाया था। यहां आरोपित ने अपने दोस्त के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर प्रयास किया। उसके साथ मारपीट भी की थी। वारदात के समय आरोपित प्रेमी का भाई भी वहां मौजूद थे।
एक नवंबर की सुबह किशोरी को ग्रामीणों ने खेत में मरणासन्न हालत में पड़ा देखा था। हालत गंभीर होने पर सरकारी ट्रामा सेंटर से किशोरी को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था।
शव घर पर पहुंचते ही मच गया कोहराम
यहां शुक्रवार सुबह सात बजे किशोरी ने दम तोड़ दिया। किशोरी का शव शुक्रवार शाम चार बजे घर पहुंचे। शव पहुंचते ही घर में चीख पुकार मच गई। शव पहुंचने से पहले ही किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस फाेर्स तैनात किया गया था। गांव पहुंचे भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने शव आने के बाद मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा करने का प्रयास किया।
मुआवजा सहित मांगों का ज्ञापन दिया
मौके पर मौजूद शिकोहाबाद एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला व सीओ जयबिंद गुप्ता ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों को समझाकर शांत कराया। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने मुआवजा सहित अन्य मांगों के संबंध में ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। देर शाम को गांव में ही किशोरी के शव का अंतिम संस्कार किया गया। सीओ जयबिंद गुप्ता ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपित पर गैंग्शटर की कार्रवाई के साथ संपत्ति कुर्क की जाएगी।
मुठभेड़ में दो आरोपित भाइयों को लगी थी गोली
खैरगढ़ के गांव सकटू निवासी ऋषि ट्रैक्टर चलाता था। उसका किशोरी के गांव में आना जाना था। दोनों छह महीने से एक-दूसरे से परिचित थे। 31 अक्टूबर की शाम को फोन कर ऋषि ने ही किशोरी को खेत पर मिलने के लिए बुलाया था। यहां ऋषि और उसके दोस्त आशिक उर्फ शिवांशु निवासी नावली खैरगढ़ ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और हत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ में ऋषि और उसके भाई जगत को गिरफ्तार किया था। दोनों पैर में गोली लगने से घायल हुए थे। वारदात के समय जगत मौके पर मौजूद था। तीसरे आरोपित आशिक को पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया था। वर्तमान में तीनों आरोपित जेल में हैं।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: किशोरी से दुष्कर्म और जानलेवा हमला, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: कपड़े अस्तव्यस्त और शरीर पर चोट के निशान, शौच गई किशोरी से दुष्कर्म; पीटकर मरणासन्न किया
परिवार के लिए मांगा 20 लाख का मुआवजा
किशोरी की मृत्यु के बाद गांव पहुंचे भीम आर्मी और नवजागृति कठेरिया धानुक समाज महासंघ ने पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष यमुना कठेरिया ने परिवार को सुरक्षा, पांच बीघा भूमि का पट्टा, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द सजा दिलाने आदि मांगें प्रशासन से की हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।