फिरोजाबाद में बेटी को पहिये के नीचे रखकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश, ढाबा संचालक का पुलिस पर हमला
फिरोजाबाद में ढाबा संचालक और उसके भाइयों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की और उन पर खौलता तेल फेंका। गिरफ्तारी से ...और पढ़ें

पुलिस जीप के पहिए के आगे बच्चे को रखता युवक। वीडियो ग्रैब
HighLights
ढाबा संचालक ने पुलिसकर्मियों पर खौलता तेल फेंका।
गिरफ्तारी रोकने को बेटी को गाड़ी के नीचे रखा।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। रामलीला चौराहे के पास काठ बाजार में रविवार दोपहर ढाबा संचालक से लकड़ी का सामान बेचने वाले युवक की कहासुनी हो गई। ढाबा संचालक और उसके भाइयों ने युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने ढाबा संचालक के भाइयों को पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया तो संचालक ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर दी।
कढ़ाई में खौलता गर्म तेल पुलिसकर्मियों पर फेंका। इस पर पुलिसकर्मियों ने पीछे हटकर खुद को बचाया। पुलिस वाहन को रोकने के लिए चार माह की बेटी को गाड़ी के पहिये के नीचे रखकर वह खुद भी लेट गया। पुलिस ने ढाबा संचालक सहित तीन भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह है पूरा मामला
नारखी के गांव बरतरा निवासी दीपक काठ बाजार में छक्कू के नाम से ढाबा चलाता है। रविवार दोपहर तीन बजे उसका पास में ही लकड़ी का सामान बेचने वाले बंटू निवासी पुरुषोत्तम विहार रामगढ़ से विवाद हो गया। शराब पीने और लघुशंका करने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
सूचना पर रामलीला मैदान और उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने झगड़ा कर रहे दीपक, उसके भाई हरवीर और विक्रम को पकड़ लिया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर दी। सिपाहियों ने हरवीर और विक्रम को गाड़ी में बैठा लिया।
इस पर दीपक ने कढ़ाई में रखा गर्म तेल पुलिसकर्मियों पर फेंका। पुलिसकर्मियों ने पीछे हटकर खुद को बचाया। भाइयों को थाने ले जाने से रोकने के लिए दीपक ने चार माह की बेटी को पुलिस की गाड़ी के पहिये के नीचे रख दिया और खुद भी लेट गया।
हंगामे की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा और बच्ची को पहिया के आगे से हटाया। साथ ही दीपक को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपितों के खिलाफ दारोगा कौशल कुमार शर्मा ने सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया। इंस्पेक्टर उत्तर रवि त्यागी ने बताया आरोपित नशे की हालत में मारपीट कर रहे थे। तीनों भाइयों को जेल भेजा गया है।
पीछा करके पुलिस ने पकड़ा
घटना रामलीला चौराहे के पास भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई। रामलीला मैदान में इन दिनों मेला भी लगा है। पुलिस के पहुंचते ही ढाबा संचालक व उसके भाई गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने लगे। पीछा करके पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। एक को पुलिसकर्मी पकड़ने के बाद ई-रिक्शा में बैठाकर घटनास्थल तक लाए।
