सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार से लौट रहे थे घर- हाईवे पर हुआ हादसा
मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नगला बहादुर के निकट ओवरब्रिज के नीचे पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने आटो में कट मार दिया। जिससे वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। जिससे आटो में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई। वहीं हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने मामले में केस भी दर्ज किया है।

जासं, फिरोजाबाद। अज्ञात वाहन की टक्कर से ओवरलोड आटो हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में इटावा निवासी सास-बहू सहित तीन की मृत्यु हो गई। उनके परिवार के छह लोग घायल हो गए। ये सभी जलेसर रोड पर रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने आए थे।
अंतिम संंस्कार से लौट रहे थे घर
जलेसर रोड निवासी मुंशीलाल की शनिवार सुबह घर पर मृत्यु हो गई थी। उनकी गमी में शामिल होने के लिए बड़े बेटे महेश के ससुरालीजन इटावा के थाना जसवंत नगर के गांव मलाजनी से आटो में आए थे। शाम चार बजे अंतिम संस्कार होने के बाद सभी लोग वापस जा रहे थे।
राहगीरों ने निकाला बाहर
राहगीरों ने आटो को सीधा कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर आई। जहां चिकित्सक ने मुंशीलाल की 58 वर्षीय समधिन मायादेवी और उनकी 37 वर्षीय पुत्रवधू सावित्री देवी को मृत घोषित कर दिया।
जबकि समधी मातादीन, ज्ञानवती, भगवान सिंह, गुड्डू, अनीता, नंदूलाल और परी को भर्ती कर लिया। यहां से सावित्री के जीजा नंदूलाल को गंभीर अवस्था में आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी भी मृत्यु हो गई। इंस्पेक्टर शिव सिंह चौहान ने बताया कि कट मारने वाले अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।