Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में बेटे के सामने जिंदा जल गया पिता, पुत्र की हालत गंभीर; बाइक से टक्कर के बाद मोपेड में लगी आग

    Updated: Sat, 16 Aug 2025 02:52 PM (IST)

    फ़िरोज़ाबाद में एक भीषण सड़क हादसे में एक किसान जिंदा जल गया। हाईवे पर मोपेड और बाइक की टक्कर के बाद मोपेड में आग लग गई। किसान मुन्नालाल अपने बेटे के साथ मंदिर जा रहे थे। हादसे में बाइक सवार दंपति भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बचाने की जगह वीडियो बनाया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

    Hero Image
    बाइक से भिड़ी मोपेड में लगी आग, किसान जिंदा जला, बेटा झुलसा।

    जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। हाईवे पर रूपसपुर पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर 12 बजे रोंगटे खड़े करने वाला हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रही मोपेट में बाइक से भिड़ने के बाद आग लग गई। मोपेड पर पीछे बैठा किसान हाईवे पर सिर के बल गिरने के बाद उठ नहीं सका।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी दौरान मोपेड में आग लगी तो किसान भी धू-धूकर जल उठा। बचाने के प्रयास में घायल बेटा भी झुलस गया। उसके सामने पिता जिंदा जल गए और मौके पर उपस्थित लोग वीडियो बनाते रहे। इस दौरान हाईवे पर आवागमन ठप रहा। हादसे में बाइक सवार मैनपुरी निवासी दंपति भी घायल है।

    अरांव क्षेत्र के गांव भारोल निवासी 52 वर्षीय मुन्नालाल अपने बेटे 32 वर्षीय आशु के साथ मोपेड से बालाजी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। मोपेड आशु चला रहे थे। वे विपरीत दिशा से आ रहे थे।

    अंदाजा लगाया जा रहा है कि रूपसपुर पुलिया के पास कट से उन्हें अपनी दिशा में आना था, लेकिन इसस पहले ही शिकोहाबाद से आगरा की ओर जा रही बाइक से भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों पर बैठे लोग गिर गए। इसके कुछ सेकंड बाद ही मोपेड में आग लग गई।

    सिर में चोट लगने के कारण मुन्नालाल उठ नहीं पाए। जिससे उनके शरीर में भी आग लग गई। कुछ मिनट बाद उनकी मृत्यु हो गई। शरीर से 20 मिनट बाद तक लपटें और धुंआ निकलता रहा। गंभीर रूप से घायल बेटा उन्हें बचाने के प्रयास में झुलस गया।

    वहीं बाइक सवार मैनपुरी के लहरा अम्नीपुर, थाना कुर्रा निवासी 30 वर्षीय जयदीप और उनकी 26 वर्षीय पत्नी मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। वह आगरा दवाई लेने जा रहे थे।

    आसपास अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने जिंदा जल रहे किसान को बचाने का प्रयास नहीं किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया।

    थानाध्यक्ष चमन शर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझाया गया। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था। जिससे उनकी जान बच गई।