यमुना नदी के बारा-गलौली घाट पर बनेगा पक्का पुल
संवाद सूत्र जाफरगंज (फतेहपुर) यमुना नदी के बारा-गलौली पांटून पुल के स्थान पर पक्का पुल निर्माण

संवाद सूत्र, जाफरगंज (फतेहपुर) : यमुना नदी के बारा-गलौली पांटून पुल के स्थान पर पक्का पुल निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज से पीडब्ल्यूडी की टीम मिट्टी का नमूना एकत्र कर रही है। मिट्टी जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यहां पक्के पुल का निर्माण शुरू होगा। इससे करीब एक हजार से अधिक मुसाफिरों को आवागमन में राहत मिलेगी।
यमुना नदी पर बारा-गलौली पांटून पुल से प्रतिदिन एक हजार से अधिक मुसाफिरों का आवागमन होता है। यमुना नदी पर यहां लंबे समय से पक्का पुल बनाने की मांग चल रही है। क्योंकि, बारिश के दौरान पांटून पुल से आवागमन बंद हो जाता है। इसके बाद नाव या फिर स्टीमर से सफर करना पड़ता है। बांदा और फतेहपुर के मध्य व्यापारिक सेतु का काम करता है। पीडब्ल्यूडी प्रयागराज के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के लिए मिट्टी एकत्र की जा रही है। तीन स्थानों की मिट्टी जांच को ली जानी है। इसमें बारा व गलौली घाट के बाद मध्य यमुना नदी से मिट्टी निकाली जाएगी।
इन गांवों को होगा लाभ
जिले की बिदकी तहसील के बारा, मांझेपुर, खूंटाझाल, मदरी, मऊदेव, सिजौली, सुल्तानगढ़, गोपालपुर घघौरा, बसंतखेड़ा, रामपुर हुसेना, खोटिला-सिजौली, गहरूखेड़ा, मंसूरपुर, कटिलिहा, गढ़ी, भारतपुर सहित अन्य गांव शामिल है। - बांदा जिले की पैलानी तहसील के गलौली, गाजीपुर, गड़ोला, जसपुरा, पैलानी, सिधन, चंदवारा, कान्हाखेड़ा, मरझा, चौकीपुरवा, झंझरी, गजपुरवा, नारायणपुर, तनगा मऊ सहित अन्य गांव पक्का पुल बनाने के बाद लाभांवित होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।