विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लोडर ने दो दोस्तों को कुचला, खागा का मेला देखने जा रहे थे बाइक से

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:21 PM (IST)

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर खागा के पास एक लोडर ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत ...और पढ़ें

दीपक और ओमप्रकाश की मौत के बाद रोते बिलखते स्वजन। जागरण

दीपक और ओमप्रकाश की मौत के बाद रोते बिलखते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लोडर ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मारी

  2. खागा में रावण वध मेला देखने जा रहे थे ओमप्रकाश और दीपक

  3. हेलमेट न पहनने से सिर में गंभीर चोटें आईं, दोनों की मौत

संवाद सहयोगी, खागा(फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कस्बा स्थित नवीन मंडी गेट के सामने गुरुवार रात दो बजे बाइक सवार दो दोस्तों को तेज रफ्तार लोडर टक्कर मारते हुए निकल गया। सिर में चोट लगने से दोनों सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। जिन्हें सीएचसी भेजा गया जहां चिकित्सीय टीम ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला। दिवंगत, खागा का मेला देखने के लिए हथगाम थाने के अब्दुल्लापुर बाकर गांव से आ रहे थे। ग्रामीणों में चर्चा रही कि यदि बाइक सवार हेलमेट पहने होते तो इनकी जान बच सकती थी।

हथगाम थाने के अब्दुल्लापुर बाकर निहालपुर गांव निवासी 22 वर्षीय ओमप्रकाश लोधी अपने पड़ोसी 21 वर्षीय दोस्त दीपक लोधी के साथ में बाइक से खागा का मेला देखने निकला था। गुरुवार रात दो बजे करीब उक्त दोनों युवक कानपुर-प्रयागराज हाईवे स्थित नवीन मंडी गेट के सामने पहुंचे। तभी फतेहपुर से प्रयागराज की ओर जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी और निकल गया।

रावण वध मेला का आयोजन होने की वजह से हाईवे पर रात भर लोगों की आवाजाही रही। राहगीरों ने दोनों युवकों को खून से लतपथ देखा तो पुलिस को सूचित किया। कस्बा इंचार्ज गिरीशचंद्र दुबे ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया है। हादसे की सूचना भोर घर पहुंची तो स्वजन बेहाल रहे। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि लोडर की तलाश की जा रही है।

पिता की भी हादसे में हुई थी मौत

दिवंगत ओमप्रकाश दो भाई थे। बड़े भाई कुंवरबहादुर, दिल्ली में रहते हैं। त्योहार की वजह से वह गुरुवार को ही दिल्ली से गांव जाने के लिए निकले हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ओमप्रकाश के पिता कमलेश लोधी की मौत भी धनतेरस के दिन हादसे में हुई थी। मां संगीता देवी, बहनें देवरती, देवकली व शकुंतला रो-रोकर बेहाल रहीं।

दोनों महाराष्ट्र में करते थे काम

दिवंगत दीपक छह भाइयों अवधेश, विनोद, संजय, विलाश, सुभाष में सबसे छोटा था। वह, पड़ोसी ओमप्रकाश के साथ में महाराष्ट्र के मुंबई शहर में रहकर शटरिंग का काम करता था। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि दीपक के रिश्ते की बात चल रही थी। इसीलिए वह एक माह पूर्व ही मुंबई से गांव आया था। दिवंगत ओमप्रकाश पांच माह पूर्व मुंबई से गांव आया था।

यह भी पढ़ें- Kanpur Special Story: मसालों की खुशबू, भरोसे का कारोबार... डेढ़ सदी से कायम है नयागंज की पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।