डीएम ने ARTO दफ्तर में करवा दी छापेमारी, अधिकारियों के पहुंचते ही मची अफरातफरी, 11 दलाल पकड़े
डीएम निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर फतेहपुर एआरटीओ कार्यालय पर छापा मारा गया, जिसमें 11 दलाल पकड़े गए। छापेमारी ...और पढ़ें

छापेमारी करके बाहर निकलते एडीएम विनय पांडेय व एएसपी ज्ञान प्रकाश राय। जागरण
HighLights
डीएम के निर्देश पर एआरटीओ कार्यालय पर छापा।
छापेमारी में 11 दलाल पकड़े गए, पूछताछ जारी।
लिपिक के काउंटर में 7900 रुपये की कमी मिली।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। रिश्वतखोरी के मामले में एक दिन पहले कानपुर के दो एआरटीओ निलंबित हुए थे, गुरुवार को डीएम निधि गुप्ता वत्स ने फतेहपुर के एआरटीओ दफ्तर में छापा डलवाया।
आठ पटलों में बाबू बनकर काम देख रहे चार दलाल काम करते हुए तो सात काम छोड़कर भागते हुए दबोच लिए गए, जिन्हें कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है। नियमित लिपिक शुभम सिंह की पटल में जांच के दौरान 7900 रुपये कैश कम मिला, जिसका जवाब वह स्वयं नहीं दे पाए।
24 पुलिस कर्मियों के साथ छापेमारी
दोपहर करीब सवा तीन बजे छापा मारने पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व विनय पांडेय और एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने पहुंचते ही कार्यालय को कब्जे में ले लिया। 24 पुलिस कर्मियों के साथ पड़े छापे में भागने का अवसर न देने की योजना थी।
छापेमारी के दौरान कुल 11 दलाल पकड़े गए, जो बिना किसी अधिकृत नौकरी के दफ्तर में काम करते या काम छोड़कर भागते हुए पकड़े गए।
जब अफसरों ने यहां रुककर 25 मिनट तक जांच पड़ताल की और नकदी और टैक्स रसीदों का मिलान किया तो स्थाई लिपिक शुभम के काउंटर में 7900 रुपये कम मिले, अफसरों ने कैश कम होने का कारण पूछा तो वह सटीक जवाब तक नहीं दे पाए।
परिसर में मची अफरा-तफरी
अधिकारियों के पहुंचते ही परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान अफसरों ने कार्यालय में बनी आठ पटलों में जाकर कर्मचारियों के कामकाज, अभिलेखों और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
पकड़े गए दलालों में जीतू श्रीवास्तव, विपिन, लकी, अनूप, सेराज, अंकित सहित 11 को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है। हालांकि पकड़े गए दलाल खुद को वाहन स्वामी बताकर अपना स्वयं का काम कराने की बात कहकर कार्यालय आने का हवाला दे रहे हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि यह रूटीन चेकिंग थी, कुछ अनाधिकृत लोगों को पकड़ा गया है, पूछताछ की जा रही है। सभी तरह की मिलान के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा, चूंकि बाबू के पास काउंटर में कैश कम मिला है, उसकी भी जांच एआरटीओ से कराई जाएगी।
