विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP RTO Raid: हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर और कन्नौज में ARTO कार्यालय में छापेमारी, कैमरे बंद होने पर लगाई फटकार

Published: Sat, 05 Sep 2026 06:29 PM (IST)

कानपुर आरटीओ भ्रष्टाचार मामले के बाद हमीरपुर, महोबा, कन्नौज और फर्रुखाबाद के एआरटीओ कार्यालयों पर छापेमारी की गई। छापेमारी में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर भ्रष्टाचार मामले के बाद एआरटीओ कार्यालयों पर छापेमारी

  2. हमीरपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद में बंद मिले सीसीटीवी कैमरे

  3. अधिकारियों को रिकॉर्डिंग की कमी और अव्यवस्था पर फटकार

जागरण टीम, कानपुर। कानपुर आरटीओ में भ्रष्टाचार मामले के बाद हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, कन्नौज में एआरटीओ कार्यालयों में छापेमारी हुई। इसमें सीसीटीवी बंद होने की वजह से फटकार लगाई गई। साथ ही रिकार्डिंग और आसपास की दुकानों की भी जांच की गई। 

कन्नौज में आरटीओ प्रवर्तन लखनऊ की टीम पहुंची, आठ दिन की मिली रिकार्डिंग

उप संभागीय परिवहन कार्यालय में व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की हकीकत परखने के लिए शनिवार को आरटीओ प्रवर्तन लखनऊ प्रभात पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी रिकार्डिंग की जांच की। जांच में कैमरों में महज आठ दिन की रिकार्डिंग सुरक्षित मिली। कार्यालय के आसपास संचालित दुकानों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली।

हमीरपुर में आजमगढ़ की टीम एआरटीओ कार्यालय पहुंची

एआरटीओ कार्यालय में आजमगढ़ के एआरटीओ सुनील दत्त ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में कोई भी जागरूकता बैनर और पोस्टर नहीं मिले और कार्यालय के कमरों में सीसीटीवी कैमरे भी गायब मिले। वहीं कार्यालय परिसर के आस पास संचालित फोटोकापी समेत अन्य दुकानें भी बंद मिलीं। एआरटीओ सुनील दत्त ने बताया कि विभाग का अपना भवन न होने के कारण कार्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। कार्यालय में छह कमरे हैं, लेकिन किसी भी कमरे में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे पाए गए। एआरटीओ प्रशासन प्रवीण सिंह को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए कहा गया।

महोबा में झांसी के आरटीओ ने की जांच

झांसी से आए आरटीओ राजेश कुमार ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर आए लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और समस्याएं जानी। हालांकि किसी ने उनसे कोई शिकायत नहीं की। यहां सीसीटीवी संचालित पाए गए। उन्होंने वाहन रजिस्ट्रेशन, फिटनेस व परमिट से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था को और बेहतर किए जाने को कहा। यहां कर्मचारियों से भी पूछताछ की और झांसी के लिए रवाना हो गए। एआरटीओ दयाशंकर समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद में बांदा के आरटीओ ने की एआरटीओ कार्यालय की जांच

परिवहन विभाग के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, दलालों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की ओर से कार्यलयों का औचक निरीक्षण कराया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बांदा के आरटीओ उदयवीर सिंह ने एआरटीओ कार्यालय में जांच की। इस दौरान उन्हें कार्यालय के आठ कैमरे बंद मिले। केवल दो ही कैमरे चल रहे थे। हालांकि बंद कैमरों को दुरुस्त करने के लिए मैकेनिक काम कर रहा था। उन्हें कार्यालय में कर्मचारियों और अधिकारियों की भारी कमी मिली। उन्होंने कर्मचारियों से उनके पटल की जानकारी ली। सभी को अपने कार्य समय से करने की हिदायत दी।