ईवीएम स्ट्रांग रूम में सील, अर्ध सैनिक बलों को सौंपी सुरक्षा
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान के बाद देर रात तक
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान के बाद देर रात तक ईवीएम व अन्य प्रपत्र जमा करने का सिलसिला चला। सुबह चुनाव प्रेक्षकों ने प्रत्याशियों व उनके इलेक्शन एजेंट के साथ बैठक कर मतदान के बारे में जानकारी दी। इसके बाद संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम व अन्य प्रपत्रों को स्ट्रांग रूम को सील कर अर्ध सैनिक बलों की सुरक्षा में सौंप दिया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने भी मंडी पहुंचकर जायजा लिया।
मंडी परिसर में रात लगभग दो बजे तक ईवीएम व मतदान प्रपत्रों को जमा करने का काम चला। सुबह चुनाव प्रेक्षकों ने प्रत्याशियों व उनके चुनाव अभिकर्ताओं के साथ विधानसभा क्षेत्रवार बैठक की। प्रेक्षक व निर्वाचन अधिकारियों ने प्रत्याशियों की शंकाओं का निवारण किया। निर्वाचन अधिकारियों ने सर्वाधिक व न्यूनतम मत प्रतिशत वाले बूथों का विवरण भी दिया। कई अभिकर्ताओं ने खराब वोटिग मशीन बदले जाने के बारे में जानकारी मांगी। इस पर प्रेक्षक ने बताया कि यदि ईवीएम मतदान के बीच में खराब हुई है तो मतगणना में दोनों मशीनों के रिजल्ट को शामिल किया जाएगा। यदि मशीन माक-पोल के दौरान खराब हुई है तो उसे स्ट्रांग रूम में रखा ही नहीं जाएगा। हालांकि अधिकांश अभिकर्ताओं ने निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इसी के बाद जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की मौजूदगी में अभिकर्ताओं के सामने ही स्ट्रांग-रूम को सील कर अर्ध सैनिक बलों की सुरक्षा में सौंप दिया गया। विधानसभा क्षेत्रवार बने स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सीसी कैमरे भी लगाए गए हैं। रात में प्रकाश के लिए भी व्यवस्था की गई है। प्रत्याशियों को मंडी परिसर में रुकने के लिए इच्छुक अभिकर्ताओं को नामित करने का भी विकल्प दिया गया। सपा और महान दल कार्यकर्ताओं ने सोमवार से ही मतगणना तक मंडी में डेरा भी डाल दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।