Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PM Awas Yojana: 38 हजार का सर्वे पूरा, अब सत्यापन की बारी; कुछ ही दिनों में होगा आपका 'अपना घर'

    प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत फर्रुखाबाद जिले में 38 हजार से अधिक परिवारों का सर्वे पूरा हो गया है। सर्वे में कई लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं कुछ ग्राम पंचायतों में यह संख्या 70% तक है। अब सत्यापन के बाद ही योजना की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। परियोजना निदेशक ने खंड विकास अधिकारियों से सर्वे पूर्ण होने का प्रमाण पत्र मांगा है।

    By tafheen khan Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Fri, 23 May 2025 03:30 PM (IST)
    Hero Image
    PM Awas Yojana: 38 हजार का सर्वे पूरा (सांकेतिक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए चल रहा सर्वे अभियान अब पूरा हो चुका है। जिले के सातों ब्लाकों में अब तक 38414 परिवारों को सर्वे में शामिल किया गया है। यह सर्वे 15 मई तक पूरा होना था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हालांकि छूटे सर्वेयर का डाटा लोड होने के बाद गुरुवार को यह पूर्ण कर लिया गया। परियोजना निदेशक ने सभी खंड विकास अधिकारियों से सर्वे पूर्ण होने का प्रमाण पत्र देने को कहा गया है। वहीं डीएम के आदेश पर हो रही जांच में करीब 30 से 70 प्रतिशत तक लाभार्थी अपात्र निकल रहे हैं। 

    सर्वे के आंकड़े दर्शाते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय संकट कई जगहों पर गंभीर है। सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति राजेपुर ब्लाक में सामने आई है, जहां प्रति गांव औसतन 96 लाभार्थी चिह्नित किए गए हैं। यहां कुल 7,778 परिवारों का सर्वे हुआ।

    शमसाबाद ब्लाक भी पीछे नहीं है, जहां 8,118 परिवारों का सर्वे कर प्रति गांव औसतन 84 लाभार्थी दर्ज किए गए। इसके बाद कायमगंज में औसतन 77, मोहम्मदाबाद में 68, कमालगंज में 49, नवाबगंज में 38 लाभार्थी प्रति गांव मिले।

    सबसे कम औसत मुख्यालय ब्लाक बढ़पुर में रहा, जहां केवल 29 लाभार्थी प्रति गांव चिह्नित हो सके। जनपद में कुल 38,414 परिवारों का सर्वे हुआ है। हालांकि शुरुआती सर्वे में काफी लाभार्थी अपात्र निकल रहे हैं।

    जिला पंचायतराज अधिकारी राजेश चौरसिया ने बताया कि गांव भैंसरी में करीब 70 प्रतिशत लाभार्थी अपात्र निकल रहे हैं। गांव चिलौली में भी करीब 50 प्रतिशत लाभार्थी अपात्र पाए जा रहे हैं।

    परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार ने बताया कि अब आगे सत्यापन के आधार पर यह तय होगा कि योजना की पहुंच कितनी प्रभावी रही। आनलाइन माड्यूल के आधार पर जांच कराई जाएगी। सभी खंड विकास अधिकारियों से सर्वे पूर्ण होने का प्रमाण पत्र मांगा गया है।

    सर्वे में अपात्रों के नाम शामिल होने की शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रत्येक ब्लाक में सत्यापन अधिकारी तैनात किए गए हैं।

    इनमें खंड विकास अधिकारियों के अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों में बढ़पुर में जिला विकास अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी व जिला प्रोबेशन अधिकारी, कायमगंज में जिला पंचायतराज अधिकारी, उपनिदेशक कृषि प्रसार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, कमालगंज में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, खाद्य विपणन अधिकारी, मोहम्मदाबाद में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, नवाबगंज में सहायक अभियंता लघु सिंचाई, सहायक श्रमायुक्त, सहायक अभियंता जलनिगम, जिला कृषि अधिकारी, राजेपुर में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, ब्लाक शमसाबाद में जिला समन्वयक स्वच्छता मिशन, युवा कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता आरईडी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य व जिला कार्यक्रम अधिकारी को लगाया गया है।

    ब्लाक कुल सर्वे
    बढ़पुर 1813
    कायमगंज 6754
    कमालगंज 6162
    मोहम्मदाबाद 5309
    नवाबगंज 2480
    राजेपुर 7778
    शमसाबाद 8118
    कुल 38414