खाद्य वन, शक्ति वन, बाल वन व युवा वन की थीम पर होगा पौधारोपण
खाद्य वन शक्ति वन बाल वन व युवा वन की थीम पर होगा पौधारोपण

खाद्य वन, शक्ति वन, बाल वन व युवा वन की थीम पर होगा पौधारोपण
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : शासन की ओर से पूरे प्रदेश में पांच जुलाई को पौधारोपण अभियान चलाया जाना है। इसके लिए जनपद को 59,68,288 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसमें अकेले वन विभाग को ही 38,60,400 पौधे लगाने हैं। शेष 21,07,888 पौधे अन्य विभागों को लगाने हैं। रविवार शाम को जनपद के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त आयुक्त कानपुर मंडल राज शेखर ने यहां पहुंच कर कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान बताया गया कि शक्ति वन, खाद्य वन, बाल वन व युवा वन की थीम पर अलग-अलग पौधारोपण किया जाएगा।
‘पौधारोपण जन आंदोलन’ के तहत प्रदेश में पांच जुलाई को 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाना है। इस दौरान सुबह 06:00 से शाम 06:00 बजे तक पौधारोपण को आयोजित वृहद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जनपद में कुल 176 स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। मुख्य आयोजन मोहम्मदाबाद के गांव सिरौली में होगा। यहां पर अवैध पट्टों को निरस्त कर मुक्त कराई गई लगभग पांच हेक्टेयर भूमि पर दस हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसको फूड फारेस्ट या खाद्य वन के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसमें आम, जामुन, अमरूद, कैथा, बेर आदि अधिकांश फलदार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा सात जुलाई को रमन्ना गुलजारबाग में शक्ति वन के लिए पौधा रोपण किया जाएगा। इसमें अधिकांश पौधे औषधि पौधे लगाए जाएंगे। इसमें महिला शक्ति का पौधारोपण के लिए आह्वान किया जाएगा। इसके लिए अपर जिला विकास अधिकारी समाज कल्याण रेनू को नोडल बनाया गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में शोभाकार एवं छायादार पौधों का रोपण कर युवा वन की व बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में शोभाकार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर बाल वन की स्थापना की जायेगी। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी पीके उपाध्याय ने बताया कि इसके अलावा संकिसा में बौद्ध वन के अलावा नीबकरोरी, पांचाल घाट, कंपिल आदि में आध्यात्मिक वन के लिए पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद को कुल 59,68,288 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इनमें से 38,60,400 पौधे वन विभाग द्वारा व 21,07,888 पौधे अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने सभी विभागों को पौधारोपण की शतप्रतिशत जियो टैगिंग कराने के निर्देश दिये। जिन विभागों द्वारा अभी भी पौध का उठान नही किया गया वह सोमवार तक पौधों का उठान करा लें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग पर सघन पौधारोपण कराने के निर्देश दिये। विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के माध्यम से भी पौधारोपण कराया जाए। मंडलायुक्त ने वन विभाग को विगत वर्ष कराए गए पौधारोपण की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एम अरून्मोली, अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप, नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव व सभी उप जिलाधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।