यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Election 2024: कहीं से भी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, बताई क्या है वजह
उत्तर प्रदेश में सीटों को लेकर सपा व कांग्रेस में सहमति बन जाने के बाद फर्रुखाबाद की संसदीय सीट सपा की खाते में जाने के बाद पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद अब कहीं से भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी से सहमति हो जाने पर उन्हें खुशी है कि हम लोगों जो मेहनत की थी वह सफल हुई है।

संवाद सहयोगी, कायमगंज। उत्तर प्रदेश में सीटों को लेकर सपा व कांग्रेस में सहमति बन जाने के बाद फर्रुखाबाद की संसदीय सीट सपा के खाते में जाने के बाद पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद अब कहीं से भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।
जागरण से वार्ता में पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी से सहमति हो जाने पर उन्हें खुशी है कि हम लोगों जो मेहनत की थी, वह सफल हुई है। उन्होंने कहा कि सपा से हुई सहमति व समझौते को पूरी तरह कामयाब किया जाएगा, क्योंकि यह सीट सपा के खाते में गई है, इसलिए सपा ही यहां से लड़ेगी। उनके किसी अन्य सीट से चुनाव मैदान में उतरने की संभावना पर उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद उनका घर है। इसलिए यहां नहीं तो कहीं से नहीं।