यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बरेली मंडल में P और D पर सिमटी सपा, A लापता, पांच में से चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित; बदायूं में हो सकता है नुकसान!
सपा के पांच में चार सीटों के प्रत्याशी चयन में पी (पिछड़ा) और डी (दलित) समाहित हैं लेकिनए (अल्पसंख्यक) छूट गया। बरेली शाहजहांपुर के नेता तो इस पर चुप हैं लेकिन बदायूं में सुलगी चिंगारी नुकसान कर सकती है। पार्टी नेतृत्व को भी इसका आभास है इसलिए चाचा शिवपाल यादव के सहारे डैमेज कंट्रोल का रास्ता तलाशने की जुगत हो रही है।

अभिषेक पांडेय, बरेली। पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे के साथ चुनाव की ओर बढ़ रही सपा बरेली मंडल में फार्मूले से ठिठक गई। पांच में चार सीटों के प्रत्याशी चयन में पी (पिछड़ा) और डी (दलित) समाहित हैं मगर ए (अल्पसंख्यक) छूट गया। बरेली, शाहजहांपुर के नेता तो इस पर चुप हैं, लेकिन बदायूं में सुलगी चिंगारी नुकसान कर सकती है। पार्टी नेतृत्व को भी इसका आभास है, इसलिए चाचा शिवपाल यादव के सहारे डैमेज कंट्रोल का रास्ता तलाशने की जुगत हो रही है।
बुधवार को एयरपोर्ट पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को भरोसा भी दे गए कि चाचा सबकुछ ठीक कर लेंगे। बरेली में सामान्य वर्ग के प्रवीण सिंह ऐरन को प्रत्याशी बनाया गया। यहां किसी मुस्लिम की दावेदारी भी नहीं थी।
आंवला में बदायूं निवासी राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा दावेदारी कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने पिछड़ा वर्ग के नीरज मौर्य को अवसर दिया। शाहजहांपुर (आरक्षित) में अनुसूचित जाति के राजेश कश्यप प्रत्याशी बनाए जा चुके हैं। इन दो सीटों पर पी और डी के समीकरण बैठ गए। इसमें ए जोड़ने के लिए बदायूं पर निगाह टिकी थी। वहां से पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी की दावेदारी को पार्टी ने वरीयता नहीं दी। राज्यसभा के लिए भी उनके नाम पर विचार नहीं हुआ।
आबिद रजा पहले ही नाराज थे। वह भी शेरवानी का सहारा बन गए। दोनों नेताओं के तीखे बयान आने लगे कि सपा मुस्लिमों की अनदेखी कर रही है। इनके बयान से सिर्फ इतना दबाव बना कि धर्मेंद्र यादव का टिकट निरस्त कर शिवपाल यादव को प्रत्याशी बना दिया गया। पार्टी नेतृत्व मानता है कि शिवपाल यादव अपने पुराने संबंधों, अनुभव और संगठन के हुनर से मुस्लिमों को रजामंद कर लेंगे।
ऐसे छलका मुस्लिम नेताओं का दर्द
राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा ने मंगलवार को बयान दिया कि सपा की तीसरी सूची में भी मुस्लिमों की अनदेखी हुई। आम मुस्लिमों में चर्चा है कि क्या हम सिर्फ सपा को वोट देने तक सीमित हैं। इससे पहले रविवार को सलीम इकबाल शेरवानी ने राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा देते हुए लिखा था कि मुस्लिम उपेक्षित हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए सवाल खड़ा किया था... आप खुद ही पीडीए को कोई महत्व नहीं देते हैं। ऐसे में प्रश्न उठता है कि आप भाजपा से अलग कैसे हैं?
बरेलवी उलमा भी जता चुके विरोध
15 फरवरी को आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने भी अखिलेश यादव को पत्र लिखकर मुस्लिमों के प्रति उदासीनता पर रोष जताया था। उन्होंने लिखा था कि आप पीडीए का नारा देकर अभियान चला रहे हैं मगर, राज्यसभा चुनाव में सपा ने एक भी मुस्लिम को प्रत्याशी नहीं बनाया। इसे रवैये से तकलीफ हुई है।