फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती मरीज की ऐसी अनदेखी! बेड के नीचे मिला शव, शरीर चींटे खा रहे थे
फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती एक लावारिस मरीज का शव बिस्तर के नीचे चींटों से लिपटा मिला, जिससे अस्पताल ...और पढ़ें

डा. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी। जागरण आर्काइव
HighLights
डा. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी। जागरण आर्काइव
डा. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित इमरजेंसी। जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। 16 दिन पहले डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराए गए लावारिस युवक की मौत हो गई। रविवार सुबह लावारिस युवक का शव वार्ड में बेड के नीचे मिला। उसके शरीर पर चींटे लगे थे। स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति कितने गंभीर हैं, इसका प्रमाण भी मिल गया। युवक का शव रात भर बेड के नीचे पड़ा रहा और स्वास्थ्य कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। लापरवाही बरतने के मामले में मुख्य चिकित्साधीक्षक ने स्वास्थ्य कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
बढ़पुर देवी मंदिर के पास मिला था घायल युवक
14 अक्टूबर की शाम चार बजे शहर के बढ़पुर देवी मंदिर के पास स्थित ट्रांसफार्मर के निकट 40 वर्षीय युवक सुरेश को 108 एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) अरविंद कुमार ने डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके सिर में चोट थी। प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश को प्रथम तल पर स्थित लावारिस वार्ड में भर्ती कर दिया गया था। शनिवार रात उसकी किसी समय मौत हो गई।
बेड के नीचे मृत मिले
रविवार सुबह करीब नौ बजे इमरजेंसी मेडिकल आफीसर डा. अमन कुमार जब वार्ड में पहुंचे तो सुरेश बेड के नीचे मृत मिले। उसका शरीर चींटे खा रहे थे। चिकित्सक के कहने के बावजूद डेढ़ घंटे तक युवक का शव फर्श पर पड़ा रहा। चिकित्सक की नाराजगी के बाद युवक के शव को अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया। अस्पताल से मीमो भेजकर पुलिस को सूचना दी गई।
एक दिन का वेतन काटा जाएगा
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आनंद उपाध्याय ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। अगर स्वास्थ्य कर्मचारियों की लापरवाही है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. जगमोहन शर्मा ने बताया कि संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही है। इस मामले में स्वास्थ्य कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगकर एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
एक आंख के पास कीड़े पड़े थे घायल युवक के
ईएमटी अरविंद कुमार ने बताया कि 14 अक्टूबर को सचिन नाम के युवक ने 108 एंबुलेंस सेवा के लिए काल की थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां दो सिपाही भी मौजूद थे। घायल युवक ने अपना नाम सुरेश पुत्र रसाल सिंह निवासी मुरहास कन्हैया बताया था। उसकी एक आंख के पास कीड़े पड़े थे। दो पुलिस कर्मी उस दिन उसके साथ अस्पताल भी आए थे। युवक के पास आधार कार्ड नहीं था। युवक की मौत होने की सूचना जहानगंज थाने भेजी गई।
शव का पहचान नहीं हो सकी
थाना जहानगंज के राजपूताना चौकी प्रभारी यशवीर सिंह ने बताया कि सुरेश पुत्र रसाल सिंह नाम का युवक गांव मुरहास का रहने वाला नहीं है। ग्राम पंचायत दहेलिया की प्रधान (प्रशासक) गुड्डी देवी ने बताया कि सुरेश पुत्र रसाल सिंह नाम का युवक मुरहास गांव का निवासी नहीं है। कादरीगेट थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कागजों में स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर मौजूद, वार्ड से नदारद
शनिवार रात प्रथम तल पर स्टाफ नर्स दिव्या, वार्ड ब्वाय आर्यन की ड्यूटी थी। रविवार सुबह आठ बजे से स्टाफ नर्स राखी और वार्ड ब्वाय अभिषेक ड्यूटी पर आए। जब राखी वार्ड में पहुंची तो उन्होंने सुरेश नाम के युवक को फर्श पर मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना इमरजेंसी मेडिकल आफीसर डा. अमन कुमार को दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।