Jagran Vimarsh: फर्रुखाबाद में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, नई पर्यटन नीति से विकसित हो रहीं धरोहरें
जागरण विमर्श में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि नई पर्यटन नीति से धरोहरें विकसित हो रही हैं और पर्यटकों ...और पढ़ें
-1793037816529_m.webp)
जागरण विमर्श कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह के साथ सम्मानित जन। जागरण
HighLights
जागरण विमर्श में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बोले-फर्रुखाबाद ऐतिहासिक रूप से समृद्ध क्षेत्र
आठ गुणा बढ़े पर्यटक, एक पर्यटक देता कम से कम छह लोगों को रोजगार, आ रहा बदलाव
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। जागरण विमर्श के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार नई पर्यटन नीति लाई। इससे ही हमारी धरोहरें विकसित हो रही हैं। पुरानी सरकारों के समय से अब आठ गुणा पर्यटक बढ़े हैं। एक पर्यटक कम से कम छह लोगों को रोजगार देता है। संवाद से ही समाधान निकलता है, इसलिए दैनिक जागरण का यह प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद ऐतिहासिक रूप से समृद्ध क्षेत्र है। शिक्षा, व्यापार व उद्योगों को लेकर अग्रणी भूमिका में रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति के दृष्टि से यहां अपार संभावनाएं हैं। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद धार्मिक, आस्था के स्तंभ व सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में काम किए जा रहे हैं।
विकास के साथ रोजगार से पर्यटन जुड़े, ऐसा प्रयास है। 2025 में महाकुंभ में खर्च से अधिक राजस्व मिला। श्रद्धालुओं की जितनी संख्या पहुंची, उतनी कहीं नहीं आई। 63 करोड़ श्रद्धालु 46 दिन में आए। 2017 तक दूसरी सरकार थी, तब 23 करोड़ पर्यटक साल भर में देश में आते थे। बीते साल 166 करोड़ पर्यटक आए।
हम पर्यटन में नंबर एक पर पहुंच गए हैं। एक पर्यटक छह लोगों को यात्रा, ठहरने, भोजन, स्थल के आसपास वालों को रोजगार देता है। पर्यटन सबसे कम लागत में सबसे अधिक राजस्व देता है। नई पर्यटन नीति-2022 में बनाई गई। इसमें होम स्टे, रूरल टूरिज्म, 25 प्रतिशत सब्सिडी दे रहे हैं।
महिला को पांच प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी देते हैं। 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से हुआ है। उन्होंने कहा कि सात करोड़ रुपये चारों विधानसभा क्षेत्रों को देने का प्रयास है। संस्कृति से समाज की पहचान बनती है। संस्कृति से ही चरित्र बनता है। समाज में उन्हें ही सम्मान मिलता है।
कहा गया है कि जिसे नष्ट करना हो, उसकी संस्कृति को नष्ट कर दो। इसीलिए मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हम सब अपनी संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। विरासत के साथ विकास यात्रा को आगे बढ़ाया। आस्था का सम्मान किया है। फर्रुखाबाद में जो आस्था के केंद्र हैं, उनका हम सम्मान करें, तभी हमारा फर्रुखाबाद चहुंमुखी विकास कर सकेगा।
