विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IAS बनकर जनता की सेवा करना चाहती हैं पायल, फर्रुखाबाद में एक दिन की जिलाधिकारी बन सुनीं फरियादें, 5 शिकायतों पर जांच के आदेश

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:41 PM (IST)

मिशन शक्ति के तहत फर्रुखाबाद में छात्रा पायल दीक्षित एक दिन की जिलाधिकारी बनीं और जनता दरबार में शिकायतें सुनीं। ...और पढ़ें

जनता दरबार में शिकायतें सुनतीं एक दिन की डीएम बनीं छात्रा पायल दीक्षित, पास में बैठीं जिलाधिकारी डा अंकुर लाठर। जागरण

जनता दरबार में शिकायतें सुनतीं एक दिन की डीएम बनीं छात्रा पायल दीक्षित, पास में बैठीं जिलाधिकारी डा अंकुर लाठर। जागरण

HighLights

  1. छात्रा पायल दीक्षित फर्रुखाबाद की एक दिन की जिलाधिकारी बनीं

  2. जनता दरबार में पांच शिकायतों पर जांच के आदेश दिए

  3. पायल ने आईएएस बनकर जनता की सेवा करने की इच्छा जताई

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। मिशन शक्ति के तहत नवरात्र में एक दिन की जिलाधिकारी बनीं छात्रा ने जनता दरबार में पीड़ितों की फरियादें सुनीं। जमीन पर अवैध कब्जा, निर्माण समेत पांच शिकायतों की जांच कर निस्तारण करने का संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया।

डीएम की कुर्सी पर बैठकर जनता की समस्या सुनते छात्रा के चेहरे पर खुशी की चमक दिखाई दी। छात्रा ने आइएएस बनकर जनता की सेवा करने की इच्छा जाहिर की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनीं छात्रा ने मिशन शक्ति कार्यक्रम को निर्धारित समय में पूरा कराने और वित्त एवं लेखाधिकारी बनीं छात्रा ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय में नियमित कूड़ा उठाने के लिए सफाई कर्मचारियों के न आने की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराने के लिए पत्र लिखा।

उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव की कक्षा छह की छात्रा पायल दीक्षित को मंगलवार को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। जिलाधिकारी डा. अंकुर लाठर ने उन्हें प्रशासनिक कार्यों, अधिकारों और दायित्वों की जानकारी दी।

डीएम की भूमिका निभाते हुए छात्रा पायल ने जनता दर्शन में शिकायतें सुनीं। पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन देकर संबंधित अधिकारियों को जांच कर निस्तारण करने के आदेश दिए। छात्रा ने बताया कि उनके पिता राजेश दीक्षित किसान हैं। एक दिन की डीएम बनने से उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला। वह भी आइएएस बनकर जनता की सेवा करना चाहती हैं।

13FKB_5_13102026_507.JPG

एक दिन की बीएसए बनीं छात्रा प्रियंका पाल, पास में बैठे बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह।  जागरण

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय राजेपुर की कक्षा आठ की छात्रा प्रियंका पाल को एक दिन का बीएसए बनाया गया। छात्रा ने बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह से विभागीय कार्यों और दायित्वों की जानकारी लेने के बाद छात्रा ने खंड शिक्षाधिकारियों को मिशन शक्ति के कार्यक्रम समय से पूरे कराने के आदेश जारी किए। छात्रा प्रियंका के पिता मानसिंह पाल किसान हैं। वह पुलिस अधिकारी बनकर जनता की करना चाहती हैं। \

 

13FKB_6_13102026_507.JPG

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नवाबगंज की शिक्षिका व लेखाकार से जानकारी करतीं एक दिन की सहायक एवं वित्त लेखा अधिकारी बनीं छात्रा जानू शाक्य, साथ में बैठे सहायक एवं वित्त विकास अधिकारी सुशील कुमार। जागरण

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नवाबगंज की कक्षा आठ की छात्रा जानू शाक्य को एक दिन के लिए सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय नवाबगंज के खराब कंप्यूटर ठीक कराने के निर्देश वार्डन को दिए। खेल मैदान न होने से बच्चों की प्रभावित हो रही खेल प्रतिभाओं पर चिंता व्यक्त की। विद्यालय में कूड़ा उठाने के लिए आठ से दस दिन तक सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं। इस समस्या के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराने के लिए पत्र लिखा। वित्त एवं लेखाधिकारी सुशील कुमार मौजूद रहे।

13FKB_7_13102026_507.JPG

विद्यालयों में साफ सफाई दुरुस्त रखने के संबंध में आदेश जारी करतीं एक दिन की बनीं बीईओ राखी पाल व साथ में मौजूद खंड शिक्षाधिकारी नगर इंद्रप्रताप सिंह।  जागरण

प्राथमिक विद्यालय पपियापुर की कक्षा चार की छात्रा राखी पाल को एक दिन का खंड शिक्षाधिकारी नगर बनाया गया। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के आदेश प्रधानाध्यापकों को दिए हैं। बीईओ इंद्र प्रताप सिंह ने छात्रा को बीईओ के कार्य एवं दायित्वों की जानकारी दी।

मोहम्मदाबाद ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल हमीरखेड़ा की छात्रा संध्या एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक बनीं। संध्या ने छात्राओं से कहा कि समय से विद्यालय आना सुनिश्चित करें। प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने बताया कि संध्या कक्षा आठ की छात्रा है।

यह भी पढ़ें- Unnao की मेधावी छात्रा तान्वी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, 15 फरियादें सुनीं, 3 का मौके पर कराया निस्तारण

यह भी पढ़ें- कानपुर में SDM की कुर्सी पर बैठी किसान की बेटी जानवी, एक दिन के लिए संभाली नर्वल तहसील की जिम्मेदारी