Unnao की मेधावी छात्रा तान्वी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, 15 फरियादें सुनीं, 3 का मौके पर कराया निस्तारण
उन्नाव में मिशन शक्ति के तहत कक्षा 9 की छात्रा तान्वी तिवारी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने ...और पढ़ें

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी घनश्याम मीना के साथ कार्यालय में फरियादियों की शिकायत सुनतीं एक दिन की डीएम बनी बालिका तान्वी तिवारी। जागरण
HighLights
कक्षा 9 की छात्रा तान्वी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी
जनसुनवाई में 15 शिकायतें सुनीं, 3 का मौके पर निस्तारण
मिशन शक्ति के तहत बेटियों को मिली प्रशासनिक कमान
जागरण संवाददाता, उन्नाव। पढ़-लिखकर आईएएस बनने का स्वप्न संजोए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नवाबगंज की कक्षा नौ की मेधावी छात्रा तान्वी तिवारी मंगलवार को जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठीं। उनकी कार्यशैली ने हर किसी को प्रभावित किया।
मिशन शक्ति के छठे चरण के अंतर्गत नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए तान्वी को एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। कक्षा आठ की वार्षिक परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली तान्वी ने कलेक्ट्रेट कक्ष में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से सुना और समझा। इस दौरान बगल की कुर्सी पर बैठे जिलाधिकारी घनश्याम मीना लगातार छात्रा का उत्साहवर्धन और मार्गदर्शन करते रहे।
जनसुनवाई में कुल 15 शिकायतें सामने आईं। पहली शिकायत में पुरवा तहसील के अकोहरी गांव निवासी रमाशंकर ने विपक्षी से सांठगांठ कर जमीन पर कब्जा कराने और कर्मचारियों द्वारा सहयोग करने का आरोप लगाया। इस पर छात्रा ने तत्काल संबंधित एसडीएम को फोन मिलाकर जांचोपरांत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दूसरी शिकायत में ग्राम सरोसी में मकान गिराए जाने, नाना टीकुर में पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, अटवा मोहाल में ग्राम प्रधान के भ्रष्टाचार तथा ग्राम बिरसिंहपुर में गौशाला व अन्य विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता सहित राजस्व, पुलिस व विकास से जुड़े मामले शामिल रहे।
छात्रा ने तीन समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया और शेष प्रकरणों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के कड़े निर्देश दिए। पिता केशव कुमार निजी नौकरी करते हैं और माता मधू तिवारी गृहणी हैं। तान्वी ने वादा किया कि वह भविष्य में आइएएस बनकर देश सेवा करेंगी।
उधर, मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में अन्य स्थानों पर भी बेटियों को प्रशासनिक कमान सौंपी गई। सुमेरपुर में कक्षा सात की मेधावी छात्रा रागिनी को एक दिन का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया।
रघुनाथ खेड़ा निवासी किसान शिव शंकर की पुत्री रागिनी ने बीईओ अखिलेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में कार्यालय का कामकाज देखा। वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा साक्षी पटेल को मौरावां थानाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
साक्षी ने थाने पहुंचकर महिला हेल्प डेस्क और जनसुनवाई पंजिका का निरीक्षण किया तथा महिलाओं की समस्याएं सुनकर निस्तारण किया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने छात्रा का हौसला और उत्साह बढ़ाया। इसके अलावा सरांय कटियान विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा वर्षा रावत को एक दिन की प्रधान शिक्षिका बनाया गया, जिन्होंने पूरे दिन विद्यालय की संपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं संभालीं।
सुमेरपुर बीआरसी में एक दिन के लिए बनी खंड शिक्षा अधिकारी बनी छात्रा रागिनी। शिक्षक
छात्रा रागिनी बनीं एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी
मिशन शक्ति के तहत कंपोजिट विद्यालय सुमेरपुर में महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा सात की छात्रा रागिनी को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, सुमेरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई। कीरतपुर के मजरे रघुनाथ खेड़ा निवासी रागिनी के पिता शिव शंकर किसान हैं। उसके दो भाई लव और कुश हैं। खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि छात्रा को यह जिम्मेदारी देकर उसकी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
मौरावां थाना मे एक दिन के लिए प्रभारी बनी कक्षा 10 की छात्रा साक्षी पटेल महिला की शिकायात सुनते हुए। पुलिस
मौरावां थानाध्यक्ष बनी साक्षी
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा साक्षी पटेल को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन के लिए मौरावां थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्रा ने कुर्सी का पदभार संभालकर थाना की विभिन्न गतिविधियों को समझा और जनसुनवाई की। उसने कार्रवाई रजिस्टर को तस्दीक किया और फरियाद लेकर आई महिलाओं की शिकायतें सुनकर उनका निस्तारण किया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि छात्राओं में हिम्मत साहस आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व की क्षमता बढे।
वर्षा बनीं एक दिन की प्रधान शिक्षिका
विकासखंड के सरांय कटियान कंपोजिट विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा वर्षा रावत को एक दिन के लिए कक्षा एक से आठ तक का प्रधानाचार्य बनाया गया। उन्होंने पूरे दिन विद्यालय की संचालन व्यवस्था संभाली।


