CBSE Board Results 2025: गेमिंग के लिए नहीं बल्कि पढ़ाई के लिए मोबाइल का इस्तेमाल कर जिले के टॉपर बने आर्यन
CBSE Board Results 2025 फ़र्रुखाबाद के आर्यन गुप्ता शिवम माहेश्वरी और अंशिका राठौर ने सीबीएसई 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आर्यन ने लक्ष्य निर्धारित कर रोजाना छह घंटे पढ़ाई की। शिवम अर्थशास्त्री बनना चाहते हैं और अंशिका आईएएस। तीनों ने सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। नियमित अध्ययन और दृढ़ संकल्प 12th topper बनने की कुंजी है।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। सीबीएसई बोर्ड के 12वीं में पहले स्थान पर रहने वाले आर्यन मोबाइल का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं। पढ़ाई से संबंधित कोई चीज खोजनी हो या फिर समाचारों के लिए। उनका कहना है कि लक्ष्य बनाकर नियमित पढ़ाई करें तो यह सफलता आसानी से हासिल की जा सकती है।
शहर के मुहल्ला बूरावाली गली निवासी मेडिकल स्टोर संचालक वीनू गुप्ता के पुत्र आर्यन गुप्ता ने डा. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर से पढ़ाई कर 12वीं में जिला टाप किया है। आर्यन ने बताया कि इस सफलता के लिए उसने स्कूल में पढ़ाई करने के अलावा लक्ष्य तय कर घर पर प्रतिदिन छह घंटे पढ़ाई की।
किताबों से अध्ययन करने के बाद वह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी पढ़ाई करता था। मोबाइल का प्रयोग पढ़ाई और देश में होने वाली घटनाओं की जानकारी के लिए प्रयोग किया। आर्यन कहते हैं कि वह चार्टर्ड एकाउंटेंट की तैयारी करेंगे। उन्होंने बताया मां सोनल गृहणी है और बहन स्मृति गुप्ता नीट की तैयारी कर रही है। इस सफलता में मां-पिता के साथ शिक्षकों का भी योगदान है।
शिवम बनना चाहते हैं अर्थशास्त्री
फर्रुखाबाद : कमालगंज निवासी शिवम महेश्वरी ने डा. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर से पढ़ाई कर 12वीं में 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर माता-पिता का नाम रोशन किया है। शिवम महेश्वरी को व्यापार और अर्थशास्त्र में रूचि है। वह अर्थशास्त्री बनना चाहते हैं। इसके लिए वह बिजनेस और अर्थशास्त्र की पढ़ाई करने लंदन विश्वविद्यालय जाएंगे।
शिवम ने बताया कि उसके पिता तरुण कुमार महेश्वरी व्यापारी है। मां प्रीति महेश्वरी गृहणी है। वह मोबाइल का प्रयोग पढ़ाई और देश दुनिया में होने वाली घटनाओं व अर्थव्यवस्था से संबंधित समाचारों को सुनने के लिए करता है। वह प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई करता था। 12वीं में अच्छे अंक लाने के लिए लक्ष्य तय कर पढ़ाई की थी। लक्ष्य को हासिल करने में माता-पिता ने पूरा सहयोग किया। इस सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ शिक्षकों को भी है।
पूर्व सैनिक की पुत्री बनना चाहती आइएएस
फर्रुखाबाद : मसेनी स्थित पटेल नगर कालोनी निवासी अंशिका राठौर ने आर्मी पब्लिक स्कूल से पढ़ाई कर 12वीं में 98.4 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर माता-पिता का गौरव बढ़ाया है। अंशिका ने बताया कि उसके पिता राजीव कुमार सिंह पूर्व सैनिक और मां समता राठौर गृहणी है। वह घर में सबसे बड़ी है। उससे छोटी एक बहन और एक भाई है। उसने कोचिंग नहीं, घर और स्कूल में पढ़ाई की है।
वह मोबाइल से आनलाइन पढ़ाई करती थी। उसने लक्ष्य बनाकर प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई की। ताकि वह अच्छे अंक पाकर छोटी बहन और भाई के लिए आदर्श बन सके। वह आइएएस बनना चाहती है, इसके लिए यूपीएससी की तैयारी करेगी। उसे विभिन्न प्रकार की किताबें पढ़ना अच्छा लगता है। इस सफलता में उसके माता-पिता के अलावा शिक्षकों को भी श्रेय जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।