भाजपा की रोली सिंह बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष
प्रतिष्ठापूर्ण जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी की रोली सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। संख्या बल में समाजवादी पार्टी से नौ सदस्य कम होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी की इतने बड़े अंतर से जीत की उम्मीद किसी को नहीं थी। कांटे के मुकाबले का आकलन करने वाले नेताओं का सारा चुनावी गणित सपा पाले से क्रास वोटिग करने वाले सात सदस्यों ने फेल कर दिया।

अयोध्या: प्रतिष्ठापूर्ण जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी की रोली सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। संख्या बल में समाजवादी पार्टी से नौ सदस्य कम होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी की इतने बड़े अंतर से जीत की उम्मीद किसी को नहीं थी। कांटे के मुकाबले का आकलन करने वाले नेताओं का सारा चुनावी गणित सपा पाले से क्रास वोटिग करने वाले सात सदस्यों ने फेल कर दिया। 40 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा से निर्वाचित रोली सिंह को 30 व सपा प्रत्याशी इंदूसेन को मात्र 10 मत ही मिले। निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा ने जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित रोली सिंह को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। इसी के साथ जिला पंचायत में पहली बार भाजपा का कब्जा हो गया। जिला पंचायत में सपा के 17, भाजपा के आठ, बसपा के चार व निर्दल 11 जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। इसी संख्या बल के लिहाज से सपा से भाजपा के मुकाबले को आसान नहीं माना जा रहा था। सपा की तरफ से पार्टी के निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों के उत्पीड़न का आरोप प्रशासनिक व पुलिस मशीनरी पर पार्टी नेता लगाते रहे। मतदान के दिन भी यह देखने को मिला, जब सपा के जिला पंचायत सदस्य राजा मान सिंह मतदान करने के लिए जाने लगे तो मौजूद भाजपाई एक केस में वांछित बता गिरफ्तारी की मांग करने लगे। दोनों पक्षों में तकरार बढ़ने पर पुलिस के सामने मारपीट शुरू हो गई। हालात बेकाबू होते देख सपा नेता व पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन ने एसएसपी शैलेश पांडेय को मोबाइल पर जानकारी दी। एसएसपी के पहुंचने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों के उपद्रवियों को खदेड़ा। बचाव में मोदहा, तहसील व विकास भवन की तरफ लोग भागने लगे। जिला पंचायत सदस्य मान सिंह को मतदान कराने के लिए एमएलसी लीलावती कुशवाहा व रोली यादव ने कलेक्ट्रेट के दक्षिणी प्रवेश द्वार पर सुरक्षित पहुंचाया। पार्टी के लिए नाक का सवाल बने अध्यक्ष पद पर जीत के लिए सपा के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद भी समर्थकों के साथ डटे रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र समेत सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्यों के मतदान करने के लिए जाने की व्यवस्था एसएसपी आवास चौराहा की तरफ से की गई थी। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।