Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर निगम को मिली उपलब्धि, फिर हुआ ओडीएफ प्लस-प्लस

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 25 Jan 2021 10:41 PM (IST)

    स्वछ भारत मिशन के सपने को मजबूती से साकार कर रहा नगर निगम. केंद्र सरकार के सर्वे में लगातार दूसरी बार मिली उपलब्धि ने बढ़ाया मान.

    Hero Image
    नगर निगम को मिली उपलब्धि, फिर हुआ ओडीएफ प्लस-प्लस

    अयोध्या : स्वच्छ भारत मिशन के सपने को रामनगरी पूरी गंभीरता से साकार करने में लगी है। यह दावा यूं ही नहीं किया जा रहा है। लगातार दूसरे वर्ष नगर निगम अयोध्या को ओडीएफ प्लस-प्लस घोषित किया गया है। पिछले वर्ष भी नगर निगम को ओडीएफ प्लस-प्लस का तमगा मिला था। केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय की ओर से कराए गए सर्वे में नगर निगम अयोध्या को यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। सोमवार को प्रमाणपत्र प्राप्त होने के बाद कार्यालय में दिनभर अधिकारी एक-दूसरे को बधाई देते रहे। नगर निगम को मिली इस उपलब्धि के पीछे महापौर रिषिकेश उपाध्याय का मार्गदर्शन व अधिकारियों और कर्मचारियों का परिश्रम महत्वपूर्ण स्थान रखता है। गत 11 से 14 जनवरी के बीच केंद्र सरकार की टीम ने नगर निगम क्षेत्र का सर्वे किया था। नगर निगम क्षेत्र को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर शौचालय बनवाए गए। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में हैंड ड्रायर सहित महिलाओं के लिए सेनेट्री पैड वेंडिग मशीन और पैड डिस्पोजल की व्यवस्था सहित अन्य मानक पूरे पाए गए। साफ-सफाई भी उत्कृष्ट मिली। यही नहीं सर्वे टीम ने अपनी जांच में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था भी मानक के अनुरूप बेहतर पाई। नगर आयुक्त विशाल सिंह व अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने इस उपलब्धि के लिए अपने कर्मचारियों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसा ही उत्कृष्ट कार्य करते हुए नगर निगम का मान बढ़ाने की अपेक्षा जाहिर की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन्हें मिलेगा सम्मान

    अयोध्या : नगर निगम अयोध्या ओडीएफ प्लस-प्लस घोषित होने के पीछे, जिन अधिकारी व कर्मियों की प्रत्यक्ष मेहनत शामिल रही उन्हें गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इनमें सहायक नगर आयुक्त हरिश्चंद्र सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक डीपी शुक्ल, कमल कुमार, अपर नगर आयुक्त के स्टेनो अखिलेश त्रिपाठी व सुलभ इंटरनेशनल के कंट्रोलर प्रवीण कुमार सिंह शामिल हैं।

    .........

    लगातार दूसरे वर्ष ओडीएफ प्लस-प्लस की उपलब्धि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कठोर परिश्रम का परिणाम है। रामनगरी की स्वच्छता को बेहतर बनाने की दिशा में पूरे मनोयोग से कार्य जारी रहेगा।

    रिषिकेश उपाध्याय, महापौर, अयोध्या नगर निगम