75 हजार लोग आज करेंगे सामूहिक रूप से वंदेमातरम का गान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन दोपहर 12 बजे जीआइसी मैदान में होगा। यह जानकारी अमृत महोत्सव समिति ...और पढ़ें

अयोध्या: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन दोपहर 12 बजे जीआइसी मैदान में होगा। यह जानकारी अमृत महोत्सव समिति के सह संयोजक बालेंद्र भूषण सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 75 हजार लोग एक साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन करेंगे। इसकी तैयारी पूर्ण हो चुकी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मणिरामदास जी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास करेंगे। प्रमुख अतिथियों में पद्मश्री मो. शरीफ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक रामकुमार वर्मा, अंतरराष्ट्रीय कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य समेत कई अन्य विशिष्टजन हैं।
कार्यक्रम में कई विद्यालयों के विद्यार्थी स्वतंत्रता संग्राम पर लघु नाटक का मंचन करेंगे। शहर में रहने वाले बलिदानी परिवार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का सम्मान समारोह होगा। अंतरराष्ट्रीय कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य भारत माता की आरती भी प्रस्तुत करेंगे। शनिवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने जीआइसी में तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर विभिन्न स्तरों पर बैठकें की जा चुकी हैं। निरीक्षण करने वालों में महंत गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, रवि तिवारी, प्रो. विक्रमा प्रसाद पांडेय, महानगर प्रचारक अनिल, हरीश श्रीवास्तव आदि थे।
छह सौ रामभक्तों का जत्था आज पहुंचेगा अयोध्या
अयोध्या: इंदौर के विधायक संजय शुक्ल एवं सुप्रसिद्ध कथावाचिका श्रीमहंत प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में छह सौ रामभक्तों का जत्था रविवार को सुबह रामनगरी पहुंच रहा है। जानकीघाट बड़ास्थान व बड़ा भक्तमाल में प्रवास के बाद अपराह्न दो बजे यह जत्था रामलला का दर्शन करने के लिए प्रस्थान करेगा। भक्तों का यह दल हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, मंदिर निर्माण कार्यशाला व कारसेवकपुरम में राम मंदिर माडल का दर्शन करेगा तथा सरयू आरती में भी शामिल होगा। श्रद्धालुओं का दल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लेगा। यह जानकारी समाजसेवी मदन फौजदार ने दी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।