वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री को बैठाने आए थे, गेट बंद होने से अंदर फंसे रिश्तेदार, लगा 36000 का जुर्माना
कानपुर सेंट्रल पर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री को बैठाने गए 12 रिश्तेदार स्वचालित गेट बंद होने से ट्रेन के अंदर फंस गए।

HighLights
कानपुर में वंदे भारत के अंदर फंसे 12 लोग।
इटावा जंक्शन पर ट्रेन रोककर सभी को उतारा गया।
रेलवे ने ₹36,000 का जुर्माना वसूलकर छोड़ा।
जागरण संवाददाता, इटावा। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रिश्तेदारों को वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री को बैठाने पहुंचे 12 लोग ट्रेन के स्वचालित गेट बंद होने से अंदर ही फंस गए। गेट नहीं खुलने पर उन्होंने उतरने के लिए हंगामा किया। ट्रेन स्टाफ की सूचना पर रविवार सुबह ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोककर सभी को उतारा गया। जुर्माना वसूलने और हिदायत देने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
यह है पूरा मामला
गाड़ी संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। कानपुर के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 12 लोग अपने नाते-रिश्तेदारों को बैठाने के लिए ट्रेन के अंदर चले गए। इसी दौरान गेट बंद हो गए। वंदे भारत के गेट निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर ही खुलते हैं।
बनारस के बाद प्रयागराज और कानपुर में ठहराव के बाद ट्रेन सीधे नई दिल्ली रुकती है। अंदर फंसे लोगों में अफरातफरी मच गई। इनमें महिलाओं और बच्चों के साथ आए लोग भी थे। उन्होंने ट्रेन रुकवाकर उतरने की कोशिश की।
ट्रेन स्टाफ के मना करने पर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के निर्देश पर ट्रेन सुबह 10:49 बजे इटावा जंक्शन पर रोकी गई। स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह टीम के साथ पहुंचे। सभी 12 लोगों को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन रुकवाकर लोगों को उतारा गया। हंगामा करने और प्लेटफार्म टिकट नहीं होने पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रति व्यक्ति 3000 रुपये का टिकट बनाकर 36,000 रुपये जुर्माना वसूला। सभी को दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।