शिवपाल सिंह यादव ने कहा- भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा, 2027 में अखिलेश के नेतृत्व में बनेगी सपा की सरकार
सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनाएगी, भाजपा ...और पढ़ें
-1791645247010_m.webp)
शिवपाल सिंह यादव।
HighLights
2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनेगी
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा, विकास कार्यों का दुरुपयोग
भूख, बेरोजगारी, महंगाई आगामी चुनाव के प्रमुख मुद्दे
संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा)। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के आदर्शों और सिद्धांतों को लेकर समाजवादी पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है और विकास कार्यों के बजट का दुरुपयोग हो रहा है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को पूरे देश और प्रदेश में फैलाया। उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा के खिलाफ है। जेवर एयरपोर्ट के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कहा कि सड़कों पर गड्ढे विकास कार्यों की हकीकत बयां कर रहे हैं। जनता के विकास के लिए आवंटित बजट का सही इस्तेमाल नहीं हुआ है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का सबसे बड़ा योगदान बिखरे हुए समाजवादी आंदोलन को एकजुट कर समाजवादी पार्टी का गठन करना था। जब देश में समाजवादी विचारधारा से जुड़े दल अलग-अलग हो गए थे, तब नेताजी ने उन्हें साथ लाकर नई राजनीतिक ताकत खड़ी की।
समाजवादी आंदोलन का इतिहास लिखा जाएगा तो नेताजी का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भूख, बेरोजगारी, महंगाई और आम आदमी की रोजमर्रा की समस्याएं प्रमुख मुद्दे होंगी। भाजपा अब तक भावनात्मक मुद्दों के सहारे चुनाव जीतती रही है, लेकिन इस बार जनता अपनी बुनियादी समस्याओं के आधार पर फैसला करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ असंतोष है और सपा को जनता का समर्थन मिलेगा।
इटावा के सांसद ने कहा कि नेताजी गरीबों, दलितों और शोषितों के मसीहा थे। उनके प्रयासों से बना भाईचारा कायम रहना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में सरकार बनाने के लिए जुटेंगे। एटा के सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि नेताजी ने हमेशा गरीबों और मजदूरों की आवाज उठाई। उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर पार्टी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने का संकल्प लेकर लौटेंगे।
सपा के विधान परिषद सदस्य मुकुल यादव ने कहा कि नेताजी ने जीवनभर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और शोषितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने मजबूत समाजवादी आंदोलन खड़ा किया। आज उनके विचारों से प्रेरणा लेकर लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार से परेशान है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
