Mulayam Singh Yadav: चौथी पुण्यतिथि पर पिता की समाधि पर पहुंचे अखिलेश, शिवपाल-डिंपल समेत परिवार ने दी श्रद्धांजलि
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने सैफई में परिवार सहित श्रद्धांजलि अर्पित की। इस ...और पढ़ें

मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते अखिलेश यादव। जागरण
HighLights
अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की
शिवपाल, डिंपल सहित परिवार के सदस्य भी श्रद्धांजलि में शामिल
सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ जुटी
जागरण संवाददाता, इटावा। सपा संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वजन के साथ सैफई में उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दोपहर करीब एक बजे पहुंचे अखिलेश के साथ राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव समेत परिवार के सदस्य मौजूद रहे। समाधि स्थल पर पार्टी के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही। श्रद्धांजलि अर्पित की।
सैफई तहसील के सामने स्थित मुलायम सिंह यादव के निर्माणाधीन मेमोरियल परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए तैयारियां की गई थीं। पूरे परिसर को समाजवादी पार्टी के रंग में सजाया गया था। चारों तरफ पार्टी के झंडे लगाए गए थे। परिसर में सोशलिस्ट म्यूजियम लिखा हुआ बैनर भी लगाया गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाधि स्थल पर पहुंचने लगे थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव और अक्षय यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव तथा जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य और पार्टी नेता मौजूद रहे।
सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। वह दिल्ली में व्यस्त होने के कारण सैफई नहीं पहुंचे।
मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सैफई में किया गया था। उनकी पुण्यतिथि पर हर वर्ष यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
