विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखिलेश यादव ने कहा- चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म, भाजपा फर्जी फार्म-7 से कटवा रही सपा के वोट

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:33 PM (IST)

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर सपा समर्थकों के वोट फर्जी फॉर्म-7 के जरिए कटवाने का आरोप लगाया ...और पढ़ें

अखिलेश सिंह यादव। जागरण अर्काइव

अखिलेश सिंह यादव। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. अखिलेश ने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

  2. भाजपा पर फर्जी फॉर्म-7 से वोट कटवाने का आरोप

  3. 2027 में मतदान अधिकार छिनने की जताई आशंका

संवाद सहयोगी सैफई(इटावा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर सपा समर्थकों के वोट कटवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता समाप्त हो गई है और भाजपा फर्जी फार्म-7 भरवाकर सपा के वोट कटवा रही है।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि सभी दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति से मिलकर चुनाव में धांधली के प्रमाण दिए हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में भाजपा ने चुनाव आयोग और प्रशासन की ताकत के सहारे नतीजे बदलने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगह पुलिस को निजी कपड़ों में वोट डालने का मौका दिया गया।

अखिलेश ने कहा कि एसआइआर के दौरान सपा के पीडीए प्रहरियों ने फर्जी फार्म-7 भरने वालों को पकड़ा। उन्होंने दावा किया कि सुल्तानपुर में नंदलाल निषाद के फर्जी दस्तखत कर सपा के कई वोट कटवाए गए। लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा में दशरथ के नाम से 100 से ज्यादा फार्म-7 भरे जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार कोई व्यक्ति पांच से ज्यादा फार्म-7 नहीं भर सकता। बिधूना में सपा नगर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर से वोट कटवाने का भी आरोप लगाया।

चुनाव आयोग को जानकारी देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मीरापुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक पुलिस अधिकारी ने रिवाल्वर तानकर मतदान रोकने की कोशिश की थी।

उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में एक जगह से तय हो रहा है कि मतदाता सूची में किसका नाम होगा। भाजपा का सदस्य होने पर वोट बनेगा, अन्यथा नागरिकता पर सवाल खड़ा किया जाएगा। पश्चिम बंगाल चुनाव पर अखिलेश ने कहा कि दीदी हारी नहीं थीं, उन्हें हराया गया था।

भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन के इंडिया ब्लाक को अराजक बताने पर उन्होंने कहा कि सवाल चुनाव आयोग से है, तो भाजपा उसका बचाव क्यों कर रही है। 2027 के चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में जीती तो भविष्य में मतदान का अधिकार छिन सकता है और चुनाव नहीं होंगे।

राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- Mulayam Singh Yadav: चौथी पुण्यतिथि पर पिता की समाधि पर पहुंचे अखिलेश, शिवपाल-डिंपल समेत परिवार ने दी श्रद्धांजलि