विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वॉट्सएप स्टेटस पर जेवर देख ललचाई पड़ोसन ने कर डाली चाेरी, इटावा में प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:56 PM (GMT+05:30)

वॉट्सएप स्टेटस पर जेवर देखकर पड़ोसी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हेड कांस्टेबल के घर से 50 लाख रुपये के गहने और नकदी चुरा ली।   

चोरी के आरोप में पकड़े गए आरोपित व जानकारी देते एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव। जागरण

चोरी के आरोप में पकड़े गए आरोपित व जानकारी देते एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव। जागरण

HighLights

  1. पड़ोसी महिला ने वॉट्सएप स्टेटस देखकर गहने चुराए।

  2. हेड कांस्टेबल के घर से 50 लाख के जेवर चोरी हुए।

  3. पुलिस ने प्रेमी समेत चार आरोपियों को इटावा से पकड़ा।

जागरण संवाददाता, इटावा। हेड कांस्टेबल की पत्नी ने मोबाइल स्टेटस पर गहनों की फोटो लगाई, जिसे देखकर पड़ोस में रहने वाली महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन 50 लाख रुपये के गहनों को पार कर दिया। इन गहनों को बेचने से मिली रकम से उसने गाजियाबाद से स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी।

प्रकाश नगर महेरा चुंगी में हुई घटना के आठ माह बाद बुधवार को पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी, साथी और सर्राफ को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया। महिला ने बताया कि प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी, लेकिन प्रेमी ने खर्च उठाने में असमर्थता जताई तो उसने चोरी की साजिश रच दी।

यह है पूरा मामला

प्रकाश नगर महेरा चुंगी निवासी हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार कासगंज में तैनात हैं। 22 फरवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान उन्हें अटैक आया था। आगरा में उपचार के बाद वह अपने पैतृक गांव कौआ, ऊसराहार चले गए थे। पति की देखभाल के लिए पत्नी सीमा देवी भी बेटी के साथ गांव चली गई थीं। छह मार्च 2026 को सूने मकान से बेटी की शादी के लिए रखे करीब 50 लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए थे।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार देर रात देशरमऊ रोड हाईवे अंडरपास के पास पुलिस ने कार सवार गौतम यादव निवासी नखासा, आसिफ मंसूरी निवासी शाहगंज, पूजा यादव निवासी प्रकाश नगर और सर्राफ राम वर्मा निवासी गाड़ीपुरा को गिरफ्तार किया। पूजा यादव हेड कांस्टेबल के मकान के पड़ोस में रहती है।

उसने पूछताछ में बताया कि वह और प्रेमी गौतम दोनों पहले से शादीशुदा हैं। चार साल पहले शादी समारोह में गौतम से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। वह गौतम पर शादी करने का दबाव बना रही थी। गौतम ने खर्च उठाने में असमर्थता जताई तो पूजा ने रुपये जुटाने के लिए चोरी की साजिश रची।

स्टेटस पर गहनों की फोटो देखकर उसके मन में आया लालच

बताया कि हेड कांस्टेबल की पत्नी सीमा देवी के वॉट्सएप स्टेटस पर गहनों की फोटो देखकर उसके मन में लालच आ गया था। हेड कांस्टेबल के मकान का पिछला दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी किए थे। जेवर बेचकर जुटाई रकम से गाजियाबाद में चार माह पुरानी स्विफ्ट डिजायर कार ऋण लेकर खरीदी थी। इसके लिए ढाई लाख रुपये दिए गए थे।

पुलिस ने कार के साथ सोने की चार चूड़ियां, पांच अंगूठियां और दो जोड़ी कान के टाप्स समेत 35.850 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए। साथ ही 541 ग्राम चांदी के आभूषण और 2.32 लाख रुपये नकद भी मिले।

पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गौतम यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चोरी के गहनों में कुछ आईटीआई चौराहा स्थित बालाजी ज्वैलर्स के संचालक सर्राफ राम वर्मा और आगरा के माही ज्वैलर्स के संचालक विजय माने को बेचे गए। विजय माने की तलाश की जा रही है।

एसएसपी ने घटना का राजफाश करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस मौके पर एएसपी सिटी बबीता सिंह, एसपी क्राइम संतोष कुमार और सीओ सिटी अवनीश कुमार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- इटावा में 10 लाख की लागत से बनेगा भगवान गौतम बुद्ध पार्क, दस साल से थाने में रखी है प्रतिमा

यह भी पढ़ें- बैकयार्ड पोल्ट्री योजना: इटावा में 10000 चूजों से 200 महिलाएं शुरू करेंगी खुद का बिजनेस, मुर्गी दाना भी मिलेगा मुफ्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।