इटावा में 10 लाख की लागत से बनेगा भगवान गौतम बुद्ध पार्क, दस साल से थाने में रखी है प्रतिमा
इटावा के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के नगला सुभान में 10 लाख रुपये की लागत से भगवान गौतम बुद्ध पार्क का निर्माण शुरू हो गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नगला सुभान में 10 लाख से बनेगा गौतम बुद्ध पार्क।
सैफई थाने में रखी बुद्ध प्रतिमा पुनः स्थापित करने की मांग।
पूर्व प्रत्याशी मनीष यादव ने मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।
संवाद सहयोगी, सैफई। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के नगला सुभान में 10 लाख रुपये की लागत से भगवान गौतम बुद्ध पार्क का निर्माण कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार से आवंटित धनराशि से कार्यदायी संस्था की ओर से होने वाले निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस दौरान भगवान गौतम बुद्ध और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनीष यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पार्क निर्माण के लिए धनराशि आवंटित करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वर्ष 2016 में नगला सुभान से हटाई गई भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा, जो वर्तमान में सैफई थाने में रखी हुई है, उसे सम्मानपूर्वक पुनः नगला सुभान स्थित बौद्ध पार्क में स्थापित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। लंबे समय से उपेक्षित पार्क के जीर्णोद्धार से गांव में सार्वजनिक स्थल विकसित होगा।
कार्यक्रम में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रांतीय परिषद सदस्य अवनीश जाटव और उनके सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की गई। ग्रामीणों ने भी पार्क निर्माण को लेकर प्रसन्नता जताई।
यह भी पढ़ें- एनटीपीसी सिंगरौली का इनटेक चैनल जाम, सात में से पांच इकाइयां बद, जलापूर्ति भी बाधित