एनटीपीसी सिंगरौली का इनटेक चैनल जाम, सात में से पांच इकाइयां बद, जलापूर्ति भी बाधित
एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के इनटेक चैनल में तकनीकी खराबी आने से जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे एनसीएल की यूपी और एमपी स्थित परियोजनाओं सहित कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत हो गई है। गोताखोरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके।

एनटीपीसी सिंगरौली इनटेक चैनल जाम जलापूर्ति ठप पांच इकाइयां प्रभावित।
HighLights
एनटीपीसी सिंगरौली इनटेक चैनल में खराबी, जलापूर्ति पूरी तरह ठप।
एनसीएल की यूपी-एमपी परियोजनाओं, कॉलोनियों में पानी की किल्लत।
समस्या समाधान हेतु गोताखोरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम कार्यरत।
जागरण संवाददाता, शक्तिनगर (सोनभद्र)। एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के इनटेक चैनल में गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी आने से जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इसके चलते एनसीएल की उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश स्थित विभिन्न परियोजनाओं के साथ ही मुख्यालय गोरबी, सिंगरौली सहित अन्य स्थानों पर पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। जलापूर्ति बंद होने से संबंधित परियोजनाओं के कालोनी में परेशानी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
बताया जा रहा है कि एनटीपीसी इनटेक चैनल जाम होने से कुएं (वेल्स) सूख गए हैं। इससे एनटीपीसी सिंगरौली की सभी यूनिटों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। वर्तमान में उन्हें बिल्कुल भी पानी नहीं मिल रहा है। परिणामस्वरूप, आइडब्ल्यूएसएस की कच्चे पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई, जिससे एनसीएल की कालोनी में भी जलापूर्ति सुबह से बाधित है।
समस्या के समाधान के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। इस संबंध में एनसीएल आईडब्ल्यूएसएस के महाप्रबंधक (सिविल) अरविंद कुमार बंसल ने बताया कि एनटीपीसी सिंगरौली की जिम्मेदारी इनटेक चैनल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की है। गुरुवार सुबह किन्हीं कारणों से चैनल के चारों गेट गिर गए, जिससे पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। इसका असर एनसीएल की यूपी और एमपी की सभी संबंधित परियोजनाओं पर पड़ा है।
वहीं, एनटीपीसी सिंगरौली के अधिकारी डा. ओमप्रकाश ने बताया कि इनटेक चैनल के गेट में कचरा फंसने से वह जाम हो गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम लगाकर मरम्मत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना की सात इकाइयों में से छह और सात नंबर इकाइयां चालू हैं, जबकि शेष इकाइयां पहले से ही मेंटेनेंस के चलते बंद हैं। जल्द ही जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।