बैकयार्ड पोल्ट्री योजना: इटावा में 10000 चूजों से 200 महिलाएं शुरू करेंगी खुद का बिजनेस, मुर्गी दाना भी मिलेगा मुफ्त
इटावा में बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के तहत 200 ग्रामीण अनुसूचित जाति की महिलाओं को 10 हजार चूजे और मुफ्त मुर्गी दाना वितरित किया गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
इटावा में 200 ग्रामीण महिलाओं को मिले 10 हजार चूजे।
बैकयार्ड पोल्ट्री योजना से महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता।
प्रत्येक लाभार्थी को मुफ्त मुर्गी दाना भी उपलब्ध कराया गया।
जागरण संवाददाता, इटावा। ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक रूप से कमजोर अनुसूचित जाति की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के तहत जिले में 10 हजार चूजों का वितरण किया गया। जिले के आठ विकास खंडों की 200 चयनित महिलाओं को देसी प्रजाति के 50-50 चूजे निश्शुल्क दिए गए। इसके साथ ही प्रत्येक लाभार्थी को एक बोरी मुर्गी दाना भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
राजकीय जिला पशु अस्पताल सदर में आयोजित वितरण कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल स्टोर प्रभारी एवं उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कुक्कुट पालन के माध्यम से आय का अतिरिक्त साधन उपलब्ध कराना है। इससे महिलाएं घर पर ही मुर्गी पालन कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।
भरथना में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भगवान सिंह वर्मा ने 25 चयनित महिलाओं को चूजे वितरित किए। योजना की लाभार्थी रेखा देवी, रजनी, प्रीती, जशोदा देवी ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि चूजे और दाना मिलने से उन्हें मुर्गी पालन शुरू करने में आर्थिक मदद मिलेगी।