विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में खुले टैंक में डूबने से 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:23 PM (IST)

इटावा के बरहीपुरा में एक निर्माणाधीन प्लॉट पर खुले शौचालय के टैंक में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। खेलने निकला बालक देर रात टैंक में मृत मिला, जिसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

सिद्धार्थ की मौत के बाद शोकाकुल स्वजन। जागरण

सिद्धार्थ की मौत के बाद शोकाकुल स्वजन। जागरण

HighLights

  1. आठ वर्षीय बालक की निर्माणाधीन प्लॉट पर डूबने से मौत।

  2. बरहीपुरा मुहल्ले में खुले आठ फीट गहरे टैंक में हादसा।

  3. परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से किया इनकार, अंतिम संस्कार।

जागरण संवाददाता, इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के बरहीपुरा मुहल्ले में निर्माणाधीन प्लाट पर खुले पड़े आठ फीट गहरे शौचालय के टैंक में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। वह रविवार शाम छह बजे गेंद लेकर खेलने के लिए घर से निकला था।

काफी देर तक वापस नहीं आने पर स्वजन ने उसकी तलाश की। करीब चार घंटे बाद घर से 300 मीटर दूर प्लाट के टैंक में उसका शव मिला। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।

बरहीपुरा निवासी पवन जाटव का बेटा सिद्धार्थ रविवार शाम खेलने निकला था। स्वजन अपने काम में जुटे थे। बालक के देर तक नहीं लौटने पर उन्होंने आसपास के इलाके में उसकी खोजबीन की। बाद में वे अपने प्लाट पर पहुंचे, जहां पानी से भरे शौचालय के टैंक में सिद्धार्थ मिला। स्वजन उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिद्धार्थ की मौत से परिवार में मातम छा गया। उसके बाबा गंभीर सिंह समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। गंभीर सिंह ने बताया कि उनका पौत्र बचपन से मानसिक और शारीरिक रूप से कुछ कमजोर था। उन्होंने खेलते समय हादसा होने की आशंका जताई। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता खेतीबाड़ी के साथ आटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि बालक की अपने ही प्लाट पर बने पानी से भरे टैंक में डूबने से मौत हुई। स्वजन ने पोस्टमार्टम और अन्य किसी भी तरह की कार्रवाई से लिखित रूप से इन्कार किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।