सैफई में समाजवादी रंग, अखिलेश यादव ने खेली फूलों की होली; जुटे हजारों कार्यकर्ता
Holi 2025 सैफई में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फूलों की होली खेली। इस भव्य आयोजन में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी की होली हमेशा से चर्चा में रही है। इस साल के आयोजन में पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता पहुंचे और अपने नेता से मुलाकात की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और समाजवादी नारों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया।
संवाद सहयोगी जागरण, सैफई। Holi 2025: समाजवादी पार्टी का गढ़ सैफई शुक्रवार को पूरी तरह समाजवादी रंग में रंगा नजर आया। हर साल की तरह इस बार भी यहां फूलों की होली का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवार सहित कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली।
सैफई में फूलों की होली की परंपरा लगभग दो दशक पहले समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने शुरू कराई थी। कहा कि नेताजी को जब यह महसूस हुआ कि हर साल होली के अवसर पर दूर-दूर से समर्थक और कार्यकर्ता सैफई पहुंचते हैं, तो उन्होंने इस मिलन को यादगार बनाने के लिए फूलों की होली की शुरुआत की।
समाजवादी पार्टी की होली हमेशा से चर्चा में रही है।
2024 में भी सैफई की होली ने परंपरा को बनाए रखा
2023 की होली नेताजी के बिना दूसरी होली थी और उस समय का माहौल भावुक कर देने वाला था। अखिलेश यादव और समाजवादी परिवार ने मुलायम सिंह को याद करते हुए उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था। वहीं, 2024 में भी सैफई की होली ने उसी परंपरा को बनाए रखा।
इस साल के आयोजन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आदित्य यादव, विधायक तेज प्रताप यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, सांसद अक्षय यादव समेत समाजवादी पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पूरा सैफई समाजवादी झंडों, नारों और समर्थकों की भीड़ से सराबोर नजर आया।
पूरे प्रदेश से पहुंचे हजारों कार्यकर्ता
होली में इटावा, मैनपुरी, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, फिरोजाबाद समेत पूरे प्रदेश से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे। समर्थकों का जोश देखते ही बन रहा था। कार्यकर्ताओं ने अपने नेता से मुलाकात की और होली की शुभकामनाएं दीं। मंच से समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिसमें लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों और नृत्य के जरिए कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भी मंच से अपने विचार रखे और सपा की नीतियों और भावी रणनीतियों पर चर्चा हुई। मंच से गूंजते समाजवादी नारों और फूलों की वर्षा ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।