श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज, घर-घर जन्म लेंगे कन्हाई
जासं, एटा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व जिले में शुक्रवार को हर्षोंल्लास के साथ मनाया जाएगा। घंटे-घडि़याल और शंख ध्वनि की गूंज होगी। रात्रि के जैसे ही 12 बजेंगे, घर-घर कृष्ण कन्हाई जन्मेंगे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर गुरुवार को मंदिरों की साज सज्जा हुई। वहीं शहर के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर जन्मोत्सव झांकी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। महिलाओं ने व्रत उपवास और पूजा सामग्री की शहर के बाजारों से खरीदारी की। भगवान की नई-नई पोशाकें खरीदने की महिलाओं में होड़ सी लगी रही, जबकि बच्चे झांकी सजाने के लिए खेल खिलौनों की दुकानों से खरीदारी करते देखे गए। कान्हा के जन्म के उत्सव को मनाने के लिए घरों में तैयारी जोरों पर चल रही हैं। महिलाओं ने अभी से पाग एवं अन्य पकवान बनाए हैं। दुकानों पर भी जन्माष्टमी का रंग छाने लगा है। शहर की प्रमुख दुकानों पर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां जोरों पर की गई हैं। गिफ्ट सेंटर्स पर भी कान्हा की मूर्तियां सजीं हैं। माखन चोर के साथ विभिन्न लीलाओं की इन मूर्तियों के लिए खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं कई बच्चों ने जन्माष्टमी सजाने के लिए अभी से बुरादे को विभिन्न रंगों से रंगा गया है, ताकि भक्ति के इस पर्व को विभिन्न रंगों से रंगीन कर झांकी सजाई जा सके। पुलिस लाइन में विशेष तैयारियां --शहर में पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों में पुलिसकर्मी व उनके परिजन जुटे रहे। पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में शाम तक भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न प्रकार झांकियों को सजाने के कार्य को अंतिम रूप दिया गया। यहां पिछले वर्षों की तरह इस बार भी झांकियों की साज-सज्जा के साथ-साथ हवन, यज्ञ व प्रसाद वितरण आदि की व्यवस्था की गयी हैं। पुलिस लाइन में शुक्रवार रात को जन्मोत्सव मनेगा। धार्मिक आयोजनों की रहेगी धूम -इसके साथ ही शहर के अरुणानगर, श्रंगार नगर, हीरानगर, निधौली रोड, वर्मा नगर, रेवाड़ी मुहल्ला, कटरा मुहल्ला, पुरानी बस्ती, नई बस्ती समेत अन्य गली-मुहल्लों में स्थित मंदिरों पर अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। बाजारों और घरों पर भी सजावट की गई है। मंदिरों पर की गई सजावट देखते ही बन रही है। आज सार्वजनिक अवकाश ---जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। स्कूल, कालेज, सरकारी दफ्तर, कचहरी आदि स्थानों पर कामकाज नहीं होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।