यूपी की इस सीट पर बड़ा उलटफेर; कल्याण सिंह के बेटे को मिली इंडी गठबंधन से करारी हार, देवेश शाक्य ने रोकी हैट्रिक
Etah Lok Sabha Chunav एटा लोकसभा सीट पर सपा के देवेश शाक्य जीते भाजपा के राजवीर 27611 वोटों से हारे। दोपहर तक जो कार्यकर्ता उत्साहित दिखाई दे रहे थे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, एटा। एटा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह हैट्रिक नहीं बना पाए। सपा प्रत्याशी देवेश शाक्य ने 27611 वोटों से उन्हें हरा दिया। अंत समय तक रोचक मुकाबला चलता रहा। आधे चक्रों की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी निरंतर बढ़त बनाए रहे। भाजपा ने खूब पीछा किया, मगर कल्याण के गढ़ में साइकिल दौड़ गई। बसपा मुख्य मुकाबले पर नहीं आ पाई, लेकिन उसने उम्मीद से अधिक वोट प्राप्त किए।
एटा लोकसभा की पांच विधानसभा सीटों एटा, कासगंज, अमांपुर, पटियाली, मारहरा पर वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला होने लगा। शुरूआती रुझान से ही सीधा मुकाबला नजर आया।
एटा लोकसभा क्षेत्र में विजयी सपा प्रत्याशी को कुल 473675 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 446064 वोट प्राप्त हुए। बसपा के मुहम्मद इरफान एड. को 71547 वोट मिले हैं। इन तीन प्रत्याशियों के अलावा अन्य कोई भी प्रत्याशी मुकाबले में कहीं नहीं ठहरा। बसपा ने उम्मीद से ज्यादा प्रदर्शन किया।
बार-बार उतार-चढ़ाव की स्थिति बनती रही
मतगणना के दौरान बार-बार उतार चढ़ाव की स्थिति बनती रही। कुल 29 चक्रों में मतगणना पूरी हुई है। देर शाम तक मतगणना के आंकड़े बार-बार अपडेट होते रहे। मतगणना की शुरूआत से ही भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दोनों प्रत्याशी एक-दूसरे का पीछा करते रहे। किसी विधानसभा में भाजपा आगे निकली तो किसी विधानसभा में सपा।
20 राउंड तक काफी स्थिति साफ हो गई थी। इस चक्र में कासगंज विधानसभा ने सपा प्रत्याशी 61901 और भाजपा प्रत्याशी 73813 वोट प्राप्त कर चुके थे, जबकि अमांपुर में भाजपा को 64562, सपा को 70957, पटियाली में सपा को 84004, भाजपा को 51366, एटा में सपा को 64254, भाजपा को 61545, मारहरा में सपा को 71849, भाजपा को 68029 वोट हासिल हो चुके थे। यह वह दौर था, जब सपा निरंतर बढ़त बना रही थी। यहीं से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी थी।
20वें राउंड में सपा 346615 और भाजपा 325710 वोट प्राप्त कर चुकी थी, जबकि बसपा के मुहम्मद इरफान एड. पांचों विधानसभाओं में 53791 वोट प्राप्त कर चुके थे। वोटों की गिनती होने के बाद समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने खुशी जताई, जबकि भाजपा खेमे में मायूसी छाई हुई थी।
ऐसे समझें पिछले चुनाव की स्थिति
वर्ष 2014
- 474978 वोट भाजपा के राजवीर सिंह को मिले
- 201001 वोट सपा के देवेंद्र सिंह यादव को मिले
- 137127 वोट बसपा के नूर मुहम्मद को मिले
वर्ष 2019
- 545348 वोट भाजपा के राजवीर सिंह को मिले
- 422678 वोट सपा के देवेंद्र सिंह यादव को मिले
- 2019 में बसपा ने सपा को समर्थन दिया था
वर्ष 2024 में स्थिति
- देवेश शाक्य सपा, 473675
- राजवीर सिंह भाजपा, 446064
- मुहम्मद इरफान एड. बसपा, 71547

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।