कल्याण सिंह की मूर्ति तोड़े जाने पर आक्रोश! सांसद साक्षी महाराज बोले- 'तोड़ने वाले याद रखें मायावती को किसने बचाया'
उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने कल्याण सिंह की मूर्ति तोड़ने वालों की आलोचना की और उनके योगदान को याद किया। एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि कल्याण सिंह ने सनातन धर्म के लिए सरकार तक त्याग दी। राजवीर सिंह ने जातीय जनगणना में सिर्फ लोधी जाति लिखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कई स्थानों पर नेताओं का स्वागत किया गया।
संवाद सहयाेगी जागरण, जलेसर। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उन्नाव के सांसद स्वामी सच्चिदानंद हरिसाक्षी महाराज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की मूर्ति तोड़ने वाले याद रखें कि उनकी नेता मायावती को किसने बचाया। उन्होंने कहा कि जब लखनऊ में बसपा प्रमुख पर हमला हुआ तो कल्याण सिंह के निर्देश पर ही ब्रह्मदत्त द्विवेदी उन्हें बचाने के लिए पहुंचे थे।
गांव मोहनपुर में स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा पिछले माह आंबेडकर जयंती पर तोड़ दी गई थी। इसके बाद खूब बवाल हुआ था। अब नई प्रतिमा पहुंचने पर उसका अनावरण करते हुए उन्नाव के सांसद ने कहा कि बाबूजी ने शिक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया।
वे वर्गभेद की राजनीति नहीं करते थे, उनके लिए सब समान थे। हर वर्ग का सम्मान किया, सबको लाभ दिया। वे गरीबों के हितैषी थे। ऐसी शख्सियत की प्रतिमा की तोड़फोड़ करना उचित नहीं। उन्होंने लोधी समाज को संगठित रहने की प्रेरणा दी और कहा था कि शिक्षित बनो, तब ही जीवन स्तर ऊंचा कर पाओगे। आज उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है।
स्वर्णिम और एतिहासिक था कल्याण सरकार का कार्यकाल : एसपी सिंह बघेल
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि बाबूजी ने लोधी समाज ही नहीं बल्कि हर समाज को अपने साथ लिया। सनातन की रक्षा के लिए अपनी सरकार न्यौछावर कर दी। ऐसा त्याग कोई दुर्लभ व्यक्ति ही कर सकता है। स्व. कल्याण सिंह की ही देन है कि उन्होंने जीरो टोलरेंस की बात शुरू की और वे इसके लिए हमेशा काम करते रहे। उन्होंने कहा कि हमने तीन पीढ़ियों के साथ काम किया है। उन्होंने संगठित रहने का आह्वान किया।
प्रतिमा किसी की भी हो तोड़ने का अधिकार किसी को नहीं : राजवीर सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र एवं एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि प्रतिमा किसी की भी हो उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। आप सम्मान नहीं कर रहे तो अपमानित करने की चेष्टा भी न करें। उन्होंने कहा कि 60 वर्षों तक सरकारें जातीय जनगणना को लटकाती रहीं, लेकिन मोदी सरकार द्वारा जनगणना कराई जा रही है। लोधी समाज में पटेल, लोधी, लोधेश्वर आदि जातियां लिखीं जाती हैं। इस सबकी जरूरत नहीं, अपने नाम के आगे सिर्फ लोधी ही लिखें। जनगणना में लोधी जाति ही दिखाएं ताकि हमारा इतिहास बन सके।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व सांसद गंगाचरन राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, पूर्व एमएलसी प्रत्येंद्र पाल सिंह पप्पू, मारहरा के विधायक वीरेंद्र लोधी, कासगंज के विधायक देवेंद्र राजपूत, छोटेलाल वर्मा, महासभा के प्रदेश अध्यक्ष साहब सिंह राजपूत, विधायक हरिओम वर्मा आदि मौजूद रहे।
सांसद और पूर्व सांसद का जगह-जगह स्वागत
गांव मोहनपुर पहुंचने से पहले उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान नेताओं का काफिला पटना पक्षी विहार, मुड़ई प्रहलादनगर, सराय राजनगर, निधौली चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड जब पहुंचा तो लोगों ने फूल बरसाएं और समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान मंच पर नेताओं को गदा, तलवार और चांदी के मुकुट भेंट किए गए। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता, प्रेम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आशीष गुप्ता ने राधा कृष्ण की मूर्तियां भेंट कीं। यशपाल सिंह राजपूत ने फूल-मालाआें से सम्मानित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।