हाईवे पर ओवरस्पीड में दौड़ते वाहन, अंदर इंटरसेप्टर से कट रहे धड़ाधड़ चालान; एक दिन में लाखों का समन शुल्क वसूला
एटा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नेशनल हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहन से 105 ओवरस्पीडिंग चालान किए गए।

इंटरसेप्टर से वाहनों के स्पीड की जांच करती पुलिस।
HighLights
एटा में सड़क सुरक्षा हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इंटरसेप्टर वाहन से 105 ओवरस्पीडिंग चालकों पर कार्रवाई हुई।
कुल 359 चालान कर ₹6.01 लाख समन शुल्क वसूला गया।
जागरण संवाददाता, एटा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इंटरसेप्टर वाहन की मदद से नेशनल हाईवे पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाने वाले 105 चालकों के चालान किए गए।
वहीं ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 254 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 359 चालान कर छह लाख एक हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इंटरसेप्टर वाहन से नेशनल हाईवे पर चला चेकिंग अभियान
यातायात पुलिस की ओर से यह अभियान चलाया गया। इसके तहत नेशनल हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते मिले चालकों के 105 चालान किए गए। इनसे दो लाख 20 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 254 चालान किए गए। इस कार्रवाई में तीन लाख 81 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ट्रक से टकराई, 4 की मौत और तीन घायल; मथुरा में हुआ भीषण हादसा
यह भी पढ़ें- मथुरा पुलिस में क्षेत्राधिकारी स्तर पर बड़ा फेरबदल, चार सीओ का तबादला और पांच नए अधिकारी आए
नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई, चालकों को किया जागरूक
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी करें। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।